झाड़ियों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

आर एस शर्मा की रिपोर्ट
शाहजहांपुर: सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव गोटिया मजरा नोसिया में 20 दिन से लापता युवक का शव शनिवार को सुबह गांव के बाहर झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई।
 आपको बता दें कि, ग्राम पंचायत नोसिया के मजरा गोटिया निवासी प्रतिपाल का 18 वर्षीय पुत्र मानसिंह 18 जनवरी को सुबह 6:30 बजे घर से शौच के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं आया तो, परिजनों को चिंता हुई। गांव क्षेत्र रिश्तेदारी में काफी तलाश के बाद जब मानसिंह का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने पर सूचना दी।
       पुलिस ने 28 जनवरी को पिता प्रतिपाल की तहरीर पर 10 दिन बाद गुमशुदगी दर्ज कर मानसिंह की तलाश शुरू कर दी थी। मृतक के पिता प्रतिपाल के बताने के अनुसार शनिवार को सुबह जब वो अपने मकान के बाहर निकला तो उसे एक गत्ते के टुकड़े पर लिखा मिला कि, उसके पुत्र मानसिंह की लाश गांव के बाहर स्थित सरनाम की बाग के पास झाड़ियों में पड़ी है।
       जब उसने जाकर मौके पर देखा तो, गत्ते (कागज के टुकड़े)  पर लिखी बात सच निकली और मानसिंह का शव झाड़ियों में पडा मिला। शव मिलने के कुछ ही देर बाद यह बात जंगल में आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में गांव सहित पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। सूचना पर दल बल के साथ पहुंचे थाना अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है।
       मृतक अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा तथा गांव में ही स्थित राम लाल इंटर कॉलेज में हाई स्कूल का छात्र था। युवा बेटे की मौत पर मां सुमन पिता प्रतिपाल तथा बहनों का रो रो कर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ