फाग गीत और नगाड़ों की धुन पर मनाया गया होली का पर्व पुलिस की गश्त से नहीं दिखे हुड़दंगी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील क्षेत्र सहित समूचे रायबरेली जनपद में होली का त्योहार शांति और सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनाया गया। क्षेत्र में इस बार की होली वास्तव में बच्चों और युवाओं पर केंद्रित रही, लेकिन बुजुर्ग और महिलाएं भी पीछे नहीं रही। एक तरफ बच्चों और युवाओं ने जहां होली पर्व का भरपूर आनंद उठाया, तो वहीं बुजुर्ग व महिलाएं भी रंग और अबीर गुलाल हाथ में लिए एक दूसरे के चेहरे पर लगाती व गले मिलती नजर आई।
    आपको बता दें कि, महराजगंज नगर पंचायत अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए हर्षोल्लास के साथ चेयरमैन सरला साहू के पति व जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू ने रायबरेली रोड पर स्थित मां जयसंत्री देवी प्रांगण में अबीर गुलाल से सजी हुई थालियों के साथ गुझिया, पापड़ के साथ फाग का आयोजन किया गया जहां रंग और अबीर गुलाल से सराबोर लोग कॉफी की चुस्की ले-लेकर भांगड़ा और डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए।
     वहीं होली के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में फाग गायक मंडलियों द्वारा धमार गीत, ब्रज के होली गीतों की सुंदर प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार व प्रेस क्लब महराजगंज के संरक्षक सुभाष पांडेय, संरक्षक अनिल जायसवाल, चेयरमैन पति व जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू, संघ जिला प्रमुख रामेश अवस्थी, ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, ताजुद्दीनपुर प्रधान प्रतिनिधि राजू सिंह, सिकन्दरपुर प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह, मुरैनी ग्राम प्रधान रामबरन यादव, मोन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉक्टर माताफेर सिंह सहित लगभग दो दर्जन ग्राम प्रधानों ने क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी अरुण सिंह की सराहना करते हुए बताया कि, पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते इस बार की होली शांतिप्रिय रही। लेकिन इस बार होली दहन के 1 दिन पहले तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने के कारण पर्व की खुशियों पर पानी फिर गया। एक तरफ जहां फसलें नष्ट होने से किसान मायूस है, तो वहीं दूसरी तरफ इस बार होलिका दहन करने वालों को मिट्टी का तेल, डीजल और पेट्रोल के सहारे जद्दोजहद कर होली जलानी पड़ी। अंततः होलिका का दहन हुआ।
     इसी क्रम में बछरावां नगर में भी होली का त्यौहार उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार होली पर अबीर गुलाल का प्रयोग ज्यादा हुआ। यहां भी पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था और वाहन चालक व हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्यवाही में पुलिस दिन-रात गश्त करती रही। जिससे नगर में होली सादगी पूर्ण मनाई गई। शराबियों की वजह से त्योहार की खुशियों में कहीं खलल नहीं पड़ी। इसी क्रम में शिवगढ़ थाना क्षेत्र में भी हर्षोल्लास से होली का पर्व मनाया गया। थानाध्यक्ष राकेश सिंह के कड़े निर्देशन के चलते हुड़दंगियों पर नकेल कसने के कारण होली का स्वरूप शांतिपूर्ण रहा। यहां के राजमहल महेश विलास पैलेस समेत क्षेत्र के सभी देवालयों में होली उत्साह के साथ खेली गई। राजमहल महेश विलास पैलेस से लेकर समूचे क्षेत्र में होली के त्यौहार में फागुनी नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही। छोटे-छोटे बच्चों, युवा व बुजुर्गों ने होलिका दहन किया। गली मोहल्लों में फगुवारों की टोलियों ने धमार गीत गाते हुए हर्षोल्लास के साथ एक दूसरे को अबीर गुलाल में सराबोर करते हुए होली का पर्व मनाया।
     महराजगंज तहसील क्षेत्र में होलिका दहन के दिन रात 9 बजे के बाद फागुनी नगाड़ों की गूंज शुरू हो गई थी। रात 11 बजकर 52 मिनट पर होलिका दहन किया गया। होलिका दहन के बाद लोगों द्वारा पूजा पाठ किया गया, और एक दूसरे को राख का टीका लगाकर लोग होली पर्व की गले मिलकर बधाई देते रहे। उसके बाद सुबह भी हजारों की संख्या में लोगों ने होलिका दहन की राख लगाने के बाद गुलाल का टीका लगाकर एक दूसरे से गले मिल बधाई देने का दौर चालू रहा। दूसरे दिन यानी आज सुबह से ही होली की फागुनी मस्ती शुरू हो गई है। जो शाम 4 बजे तक चलती रहेगी। मस्ती में झूमते लोग नगाड़ों की थाप पर फागुनी गीत गाते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में बच्चों की अलग टोलियां निकली, साथ ही युवाओं की भी अलग टोली दिखाई दी, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों ने भी अपनी अलग-अलग टोलियां बनाकर एक दूसरे के घर पहुंचकर होली के पर्व की बधाई देने से पीछे नहीं रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ