अगर एक भी व्यक्ति के अंदर वायरस आ गया, तो सरकार के सारे किए कराए पर फिर सकता है पानी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने के लिए रविवार को यूपी में मेरठ से लखनऊ कानपुर नोएडा समेत 16 जनपदों में 25 मार्च तक के लिए लॉक डाउन कर दिया गया है। जिसका सोमवार व मंगलवार को सख्ती से पालन किया व कराया गया। तमाम लोगों ने इसका उल्लंघन भी किया दिन के 12:00 बजे तक बाजारों में दुकानें खुली देखी गई, जिससे अधिकारियों के निर्देशों की धज्जियां भी उड़ी। क्षेत्र का कोई भी बाजार ऐसा नहीं बचा, जहां सौफीसदी पालन हुआ हो।
     लेकिन जिले की मुखिया DM सुभ्रा सक्सेना और महराजगंज एसडीएम विनय कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी व कोतवाल अरुण कुमार सिंह की सख्ती के बाद पुलिस हर जगह जैसे ही मुस्तैद हुई, तो स्थितियां बेहतर होने लगी।
     आपको बता दें कि, महराजगंज एसडीएम विनय कुमार सिंह द्वारा अपील करते हुए लोगों को अपने-अपने घरों में रहने की हिदायत दी गई।   
       समझदार लोगों ने इसका वाकई पालन किया। किंतु खासकर युवा व किशोर वय ने इसको खास तवज्जो नहीं दिया औ जगह-जगह गलियों में बच्चे खेलते कूदते भी नजर आए। वहीं युवा वर्ग के लोग गांव की गलियों  तथा सड़कों पर मोटरसाइकिल पर फर्राटा मारते देखे गए।
    गश्त के दौरान एकाध स्थानों पर जब क्षेत्राधिकारी और कोतवाल ने यह नजारा देखा, तो उन्होंने विभिन्न केंद्र बिंदुओं पर तैनात पुलिस जनों को फटकार लगाई तब जाकर दोपहिया वाहनों पर फर्राटा भर रहे लोगों को सख्ती से रोका गया। 
      वहीं मार्गो पर ट्रक और मालवाहक वाहन आते-जाते दिखाई पड़े। अब सवाल यह उठता है कि, प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लेकिन आम जनता ही सहयोग ना करें तो, आखिर प्रशासन क्या कर लेगा।
    ऐसे में सरकार द्वारा अभी तक का प्रयास नाकाफी दिख रहा है। लोगों को अभी और जागृत किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। वहीं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों का मानना है कि, सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा चक्र से अगर एक भी व्यक्ति के अंदर वायरस आ गया, तो सरकार के सारे किए कराए पर पानी फिर जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ