रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: जांच प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद नगर पंचायत महराजगंज द्वारा ठेकेदार के अंतर्गत बनवाई जा रही दुकानों का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते शनिवार को ठेकेदार द्वारा पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। जिसकी भनक लगते व्यापारी नेताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण सामग्री तितर वितर कर राजगीर और मजदूरों को धमकी देने के संबंध में ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।
आपको बता दें कि, महराजगंज नगर पंचायत के निर्देश पर ठेकेदार द्वारा पूरे सुखई स्थित टैक्सी स्टैंड पर पक्की दुकाने बनवाई जा रही है। जिसको व्यापारी नेताओं द्वारा मेला ग्राउंड का हवाला देकर जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव से मामले की जांच करवाने की मांग उठाई गई थी, जांच पड़ताल के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य सही पाया, तो शनिवार को नगर पंचायत महराजगंज के निर्देश पर ठेकेदार फरीद खान पत्नी इसरार अहमद निवासी खिन्नी तल्ला ने मिस्त्री और मजदूर लगाकर दुकानों के निर्माण का काम पुनः शुरू कर दिया।
उधर व्यापारी नेताओं को दुकानों में निर्माण कार्य शुरू होने की भनक लगते ही सभी निर्माण पूरे सुखई पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ठेकेदार फरीद खान का आरोप है कि, प्रदर्शनकारियों रविकांत पुत्र आनंद, अवधेश कुमार पुत्र हीरालाल, राम प्रसाद पुत्र हीरालाल, सुजीत पुत्र हीरालाल निवासी पूरे सुखई, और अमित कुमार पुत्र छोटेलाल, फिरोज अहमद पुत्र फरीदी, संदीप कुमार पुत्र सोभनाथ वैश्य निवासी महराजगंज द्वारा एक राय होकर निर्माण सामग्री को तितर वितर कर दिया तथा राजगीर और मजदूरों को निर्माण बंद करने के लिए धमकाया गया।
पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर नाम जद 7 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, फरीद खान से मिली तहरीर के आधार पर नामजद सात आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है, मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ