सावन के महीने में अधिकतम 5 लोग ही मंदिरों में कर सकते हैं जलाभिषेक।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: आगामी श्रावण मास के दौरान मंदिरों में पूजा अर्चना की व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने थाना परिसर में बैठकर शांति कमेटी की बैठक की। उप जिलाधिकारी विनय मिश्रा व सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में अधिकारियों ने मोबाइल फोन के जरिए ग्राम प्रधानों, क्षेत्र के व्यापारियों व सभी समुदाय के प्रमुख व्यक्तियों के साथ विचार विमर्श कर कहा कि, आगामी सावन के पवित्र माह के दौरान पूजा अर्चना के लिए शासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों के तहत ही व्यवस्था कराई जाए। 
    आपको बता दें कि, इस मौके पर उप जिलाधिकारी ने कहा कि, पवित्र सावन के महीने में मंदिरों में प्रायः पूजा करने के लिए बड़ी तादाद में लोग शामिल होते हैं। किंतु कोरोना महामारी के कारण अब यह निर्देश दिया गया है कि, लोगों की आस्था भी प्रभावित ना हो और सामाजिक दूरी का विशेष रूप से पालन किया जाए।
    इसी क्रम में  क्षेत्राधिकारी  राघवेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि, सावन मास में  मंदिरों में पूजा करने वाले लोग अधिकतम 5 की संख्या में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूजा पाठ कर सकते हैं। हालांकि उन्हें इस दौरान भी चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों व्यापारियों से आग्रह किया है कि, किसी भी धर्म स्थल पर अनावश्यक रूप से भीड़ इकट्ठी न की जाए। मंदिरों में संक्षिप्त रूप से पूजा अर्चना कर काम चलाया जाए।
     इसी क्रम में कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने महराजगंज क्षेत्र के लोगों की जागरूकता के लिए उनकी सराहना की और कहा कि, शासन की जो व्यवस्था दी गई है। उसके अनुरूप सभी लोग उसका पालन करेंगे। पुलिस क्षेत्र भर में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सीमित संख्या में पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की देखरेख में सतर्क रहेगी।
     इस मौके पर एसआई विभाकर शुक्ला, एसआई प्रमोद, नरेंद्र वर्मा दीवान मनोज कुमार सहित थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ