कोरोना वायरस के आक्रांत से परेशान जनता के प्रत्ति संवेदनशील हुआ प्रशासन

बच्चों को कॉपी-किताब की समस्या हल करने का भरोसा---
वैशाख महीने में होने वाली कुलदेवता की  एकांतिक पूजा पर विचार-विमर्श---
योग, नेचरोपैथी को बढ़ावा : 9 लोगों ने प्रशासन के जरिए भेजी राशि--
मिर्जापुर । कोरोना वायरस से आक्रांत वातावरण में जनता की कठिनाइयों के प्रति अत्यंत संवेदनशील रवैया अख्तियार करनेवाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जन-सुझावों को गम्भीरता से लेकर उन उपायों को अमल में ला रहे हैं ताकि आम जनता की समस्याओं का समाधान भी हो जाए तथा लॉकडाउन में शिथिलता भी न होने पाए । प्रशासन यह सतर्कता बरत रहा है कि थोड़ी सी ढिलाई से बना-बनाया काम बिगड़ न जाए तथा कोरोना उन्मूलन अभियान कहीं से विफल भी न होने पाए ।
बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तथा किताबों की उपलब्धता- गुरुवार को गांव गरीब नेटवर्क की ओर से DM श्री सुशील कुमार पटेल को अवगत कराया गया कि आनलाइन पढ़ाई शुरू है और किताब-कॉपी की दुकानों के बंद होने से पाठ्य सामाग्री नहीं मिल पा रही हैं । जिस पर DM श्री पटेल ने व्यवस्था दी कि बच्चे अपने स्कूल के प्रिंसिपल को अपनी किताब-कॉपी की सूची दे दें । प्रिंसिपल दुकानदार को सारा  डिमांड बता दें । उसके अनुसार प्रिंसिपल को सब सामाग्री उपलब्ध करा दी जाएगी और वहां से बच्चों को मिल जाएंगी ।
कुलदेवता की पूजा की सामाग्री - वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष के प्रथम एवं द्वितीय शनिवार 25 अप्रैल तथा 2 मई को बिल्कुल आइसोलेट पद्धति से एकांतिक पूजा के संबन्ध में DM श्री पटेल को अवगत कराया गया । उन्हें बताया गया कि बड़ी आस्था से लोग घरों में पूजा करते हैं । सामान न मिलने से दिक्कतें आ रही हैं जिस पर उन्होंने पास बैठे ADM श्री यूपी सिंह को समस्या हल करने के लिए कहा ।
पूजा का पैकेट सचल वाहनों से उपलब्ध कराने की व्यवस्था -ADM श्री सिंह ने इस पूजा में प्रयुक्त होने वाले सामानों की सूची तत्काल ली तथा कहा कि जिन वाहनों को पास दिया गया है, उन्हें निर्देशित किया जाएगा कि वे समस्त सामाग्री पैकेट में बनाकर पूजार्थियों को उपलब्ध कराएं ।
45 हजार लोग बिना राशन कार्ड के - DM श्री पटेल ने स्पष्ट किया कि 45 हजार लोग जिनका राशन कार्ड नहीं है, उन्हें कोटे की दुकान से नहीं बल्कि प्रशासन द्वारा निर्धारित केंद्रों से खाद्य सामाग्री दी जा रही है । यह सामाग्री जिला प्रशासन विभिन्न माध्यमों से प्राप्त संसाधनों से दे रहा है ताकि कोई भूखा न रहे । सरकारी गल्ले की दुकान के लिए आवंटन नहीं प्राप्त हुआ है ।
नेचरोपैथी को बढ़ावा- इस संबन्ध में DM श्री पटेल ने कहा कि योग एवं नेचरोपैथी का दूरगामी लाभ है । वर्तमान में सिर्फ बचाव ही उपाय है ।  योग और नेचरोपैथी को बढ़ावा देने के संबन्ध में DM श्री पटेल ने पास बैठे CMO डॉ ओपी तिवारी से कहा । जिस पर उन्होंने इसको लागू करने से सहमति जताई तथा कहा कि इस पर जिला आयुर्वेदिक विभाग  यथोचित कार्य करेगा । 
शासन की गाइडलाइन मिली है- जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि आयुष मंत्रालय से इस संबन्ध में गाइड लाइन मिली है । इसको पूरे जिले के 50 आयुर्वेदिक तथा 4 यूनानी केंद्रों से लागू कराया जाएगा ।
कचहरी का सेनिटाइजेशन हुआ - DM श्री पटेल की देखरेख में कलेक्ट्रेट परिसर का सेनिटाइजेशन किया गया ।
DM के माध्यम से भेजा गया धन- कोरोना मामले के नोडल आफिसर SDM श्री सुरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सीधे पीएम केयर फंड को छोड़कर जिला प्रशासन के माध्यम से 9 लोगों एवं संस्थाओं ने 2 लाख 4 हजार 970 रुपए मुख्यमंत्री कोष के लिए सहयोग दिया है । जिसमें एसएन फ्लैगस, सिकहटी ने एक लाख, गायत्री शक्तिपीठ एवं श्रीमती श्याम कुमारी, भैसहिया टोला ने 21-21 हजार (42 हजार), विश्व हिन्दू वाहिनी की ओर से श्री सूरज, श्री देवेंद्र प्रताप सिंह एवं श्री रविशंकर गुप्ता ने क्रमश 11-11 हजार (33हजार), BDO पटेहरा द्वारा 22 हजार 870/- श्रीमती उर्मिला पांडेय, छानबे द्वारा 5 हजार तथा श्री बाल किशन (पत्रकार) द्वारा 21 सौ रुपए प्रदान किया गया है ।
                     सलिल पांडेय, मिर्जापुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ