हुआ ईद के चाँद का दीदार : 25 को ईद : अगली ईद तक के लिए बधाई

खुशबू बिखरने का पैगाम देने का त्योहार है ईंद
-----
    इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान का महीना 9वां महीना है जबकि 10 महीने शव्वाल महीने में ईद का पर्व मनाया जाएगा । इस दृष्टि 10वां महीने के स्वागत का महीना है रमजान । अंक के हिसाब से देखें तो 9 का अंक इकाई ही है और 10वां माह इकाई से दहाई में बदल जा रहा है । इसके सूक्ष्मभाव पर नजर डालें तो व्यक्ति को समूह में जीने का संदेश भी दे रहा है रमजान का महीना । समूह में जीने के लिए स्नेह, प्रेम, दया की जरूरत होती है और जिसके पास यह है उसका जीवन खुद-ब-खुद खुशी से भरा रहेगा । 10वें माह में आने वाले ईद पर्व के लिए तन-मन को तैयार करने हेतु रमजान महीने के कुछ नियम बने ताकि व्यक्ति अपने निजी जीवन मे भी नियम के साथ रह सके । सहरी यानि सूरज निकलने के पहले फ़ज़ीर के नमाज़ के पहले सो के उठना मेडिकल साइंस के हिसाब से सेहत के लिए लाभप्रद है । ताजा रिसर्च के अनुसार शरीर के हार्मोन्स आंतरिक सफाई का काम उसी समय करते है और उसके बाद सूरज डूबने के समय मगरिब की नमाज के समय अफ्तार ( सूरज डूबने के पहले)  का वक्त है । इस समय वातावरण में ऐसी तरंगें होती है जिसमें किए गए भोजन से तन और मन स्वस्थ रहता है । विभिन्न धर्मावलम्बी भी सूर्य डूबने के पहले भोजन कर लेते हैं । रमजान महीने में रात को एशा के नमाज में कुरान पढ़ी और सुनी जाती है । कुरान का शुद्ध उच्चारण क़ुर-आन है जो मुसलमानों का एक धर्मग्रन्थ है और इसे आसमानी क़िताब माना जाता है । इसमें तीस "पारे", छोटी -बड़ी 114 "सूरतें", 6640 'आयतें' और 540 'रकूअ' हैं । एक रकूअ में एक बार खड़े होकर बैठने तक शामिल है । जिसमें 2 सज़दे (जमीन पर माथा टेकना) भी किए जाते हैं । ईद के आने के पहले मन- मस्तिष्क में आनन्द का सैलाब पैदा करने के पीछे पूरा विज्ञान शामिल है । 'क़ुर-आन' शब्द को देखें तो 'क़ुर' का आशय शीतलता और 'आन' का आशय लम्हा है । यानी जिंदगी में उत्तेजना, क्रोध, तनाव की हालत न आने पाए । इस प्रकार धार्मिक पद्धति से एक माह कुरान को पढ़ या सुनकर शव्वाल महीने में आने वाले ईद के लिए पूरी तरह दुरुस्त होने का यह रिहर्सल का महीना है । ईद भी 'ऊद' शब्द से बना है जिसका मतलब सुगन्ध है । जीवन को सुगन्धित बनाने का रमज़ान का माह यह संदेश लेकर हर साल आता है कि इस्लाम धर्मावलंबी ऐसा कार्य करे जिससे वह जहाँ रहे और जहाँ जाएं खुशबू बिखेर दे ।
        - सलिल पांडेय, प्रेमघनमार्ग, मिर्जापुर ।
          मो : 9415680176 / 7355049699

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ