कोरोना के खिलाफ कोनों कोनों से नाकेबन्दी

सेवाकार्य की अविरल धारा प्रवाहित हो रही--
प्रशासन फिर गली गली, टोले मुहल्ले में घूमते हुए दिखा--
मिर्जापुर । तीनों लोकों में डंका बजाने वाले विंध्यधाम में आध्यात्मिक धर्मग्रन्थों के संदेशों को आधुनिक दौर की महामारी से मुकाबले के वक्त में देखा जा रहा है । निर्बल, असहायों, कोल-किरातों तक को अपने आशीष से अभिसिंचित करने वाली मां विन्ध्यवासिनी के श्रीचरणों का प्रताप ही है कि कोरोना से पीड़ितों के लिए सरकारी स्तर पर मदद की धारा के साथ गैरसरकारी, स्वेच्छया, सामाजिक संगठनों की भी सेवा-सहयोग की अविरल गंगा-यमुना की धारा प्रवाहित हो रही है ।
सेवाधर्म-सेवा को ही धर्म मानकर विभिन्न स्तरों पर राशन-सामाग्री, लंच पैकेट, रसोईशाला के साथ सरकारी स्तर पर बहुतेरे अधिकारी अपने अपने ढंग से मदद कर रहे हैं । बहुतों का मानना है कि सेवा में दाहिने हाथ की खबर बाएं हाथ को न लगे इसका ध्यान रखा जाना चाहिए ।
परीक्षा की घड़ी- संकटकाल परीक्षा का वक्त होता है । इसे देखते हुए PWD के अभियन्तागण प्रतिदिन 500/- की 50 पैकेट सामाग्री पिछले 40 दिनों से देते चले आ रहे है । उच्चस्तरीय अभियन्ता चीफ इंजीनियर श्री वाई के शर्मा, SE श्री अनिल कुमार मिश्र, EE द्वय श्री कन्हैया झा एवं श्री देवपाल के इस सेवाधर्म में सभी स्टाफ जी-जान से लगा हुआ है ।
वनविभाग का योगदान- वन विभाग की ओर से DFO श्री राकेश कुमार चौधरी ने एक लाख, तीन हजार दो सौ की धनराशि शनिवार को DM श्री सुशील कुमार पटेल को दी । इसी क्रम में CCF श्री रमेश झा ने कहा कि IFS एसोसिएशन द्वारा सीधे मुख्यमंत्री कोष में पूरे यूपी के अधिकारियों ने धनराशि दी है। उनके अतिरिक्त मण्डल में पांच  प्रभागीय वनाधिकारी है।  इसमें 20 से 30 हजार रुपए प्रति का योगदान है ।
परिवहन विभाग रफ्तार में आगे- राहत के रोड पर परिवहन विभाग का सेवा-रथ आगे आगे चल रहा है। RTO (प्रशासन) डॉ आर के विश्वकर्मा का दृष्टिकोण था कि कोरोना हमले के प्रथम चरण में ही मण्डल के तीनों जनपदों से दो लाख 35 हजार की धनराशि दी गई । इसके अलावा मिर्जापुर से कतिपय कर्मचारियों ने 20 हजार की अतिरिक्त धनराशि राहत कोष में दी है ।
सिंचाई विभाग का रिकार्ड योगदान- मिर्जापुर एवं सोनभद्र के सिंचाई अभियंताओं तथा कर्मचारियों ने 35 लाख राहत कोष में दी । दोनों जनपदों के सर्किल के SE श्री अखिलेश कुमार सचान ने कहा कि विभाग ने तय किया कि सेवा-कार्य को आध्यात्मिक भाव से किया जाए।  उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में तालाबों आदि के भरने के लिए नहर चलाने की पूरी प्लानिंग बना ली गई है । चूंकि अभी अभी खेतों की कटाई पूरी नहीं हुई है । नहर चलाने से कृषि की क्षति हो सकती है लिहाजा सारी स्थितियों पर नजर रखी जा रही है ।
सेवाधर्मियों के कदम- इहमें नगर विधायक श्री रत्नाकर मिश्र, नगरपालिकाध्यक्ष श्री मनोज कुमार जायसवाल, फ्रेंड्स सोसाइटी, रोटरी क्लब, विंध्याचल, व्यापारिक संगठन तथा विंध्याचल के कतिपय पण्डा समाज के लोग शुरू से 'अन्नपूर्णा की आराधना' करते देखे जा रहे है। यह भी सत्य है कि लोकहित में बांटने पर भंडार खाली नहीं हो रहा है ।
कोरोना का दुःखद पक्ष- दुःखद पक्ष यह है कि बाहर से आने वालों की संख्या से घबराहट, सैम्पल टेस्ट में व्यवधान आदि हो रहा है।  पहले यहां का सैम्पल BHU में होता रहा।  लेकिन शुक्रवार को वहां की एक डॉक्टर के पॉजिटिव निकल जाने से अब टेस्ट प्रयागराज के लिए जा रहा है । इससे टेस्ट गति धीमी है ।
कोरोना का धनात्मक पक्ष-DFO श्री राकेश कुमार चौधरी पर्यावरण परीक्षणों का जलवायु पर पड़े असर के बारे में रिपोर्ट देते हैं कि आकाश में ओजोन परत (O3) में जो गैप हो गया था वह आक्सीजन (O2) का स्तर सुधरने से कम हुआ है।  जिससे अल्ट्रावायलेट (पराबैंगनी) किरणों का पृथ्वी की ओर आना कम हुआ है । जो बेहतर सेहत के लिए उपयोगी है ।
DM, SP फिर सड़क पर- लॉकडाउन की तारीख बढ़ते ही DM श्री सुशील कुमार पटेल एवं SP डॉ धर्मवीर सिंह फिर शनिवार को गली-गली, सड़क-चौराहे पर भ्रमण के लिए निकल पड़े ताकि यह सन्देश सबको मिल सके कि छूट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है ।
भदोही से भद्द करने की खबर- 'योग क्षेमम् वहाम्यह्म' का जप करते विंध्यधाम में भदोही से एक पॉजिटिव मरीज के आने की खबर से लोगों की प्रसन्नता में निगेटिव असर दिखा। 
                   सलिल पांडेय, मिर्जापुर ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ