तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ और बछरावां में सादगी से मनी ईद, व्हाट्सऐप से दी गई मुबारकबाद।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ और बछंरावा कस्बे सहित आसपास के इलाकों में ईद-उल-फितर पर्व धार्मिक परंपराओं के साथ सादगी से मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों मे ही ईद की नमाज पढ़ी और अल्लाह से कोरोना महामारी के संकट को खत्म करने की दुआ मांगी।
      इस बार लोगों ने एक दूसरे को सोशल मीडिया पर ईद मुबारक के संदेश भेजने के अलावा फोन कर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईद पर्व को लेकर बाजारो में पिछले दो दिनों से काफी खरीदारी हो रही थी। लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए खरीदारी की।
     महराजगंज तहसील क्षेत्र में ईद के चलते सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 1 दिन पहले बाजारों की सप्ताहिक बंदी बुधवार की जगह रविवार को ही कर दी थी ताकि भीड़ ना जुट सके। इसके अलावा सोमवार को ईदगाहो के बाहर प्रशासन का कड़ा पहरा देखने को मिला।
     उधर नमाज पढ़ने के लिए लोग ईदगाह में न आएं, इसके लिए ईदगाह कमिटी की ओर से भी ईदगाहों के गेट के बाहर कुछ कमेटी के सदस्य खड़े दिखाई दिए। इसी तरह क्षेत्र की अन्य मस्जिदों और मदरसों के बाहर भी सन्नाटा पसरा रहा। घरों में नमाज के बाद परिवार के लोगों ने एक दूसरे को ईद मुबारक कहा।
      इसके बाद एक-दूसरे को ईद मुबारक के बधाई संदेश देने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने फेसबुक, वाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से व एसएमएस भेज कर अपने परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों को ईद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने घर पर अपने से छोटों को ईद पर ईदी में उपहार व नकदी दी। वहीं, कोरोना महामारी की वजह से बाजार में ईद पर पहले जैसी रौनक देखने को नहीं मिली।
    क्षेत्र के गूढ़ा, भवानीगढ़, ओसाह, बछरावां, इमामगंज, थुलेंडी, राघवपुर, बावन बुजुर्ग बल्ला, खैराना सहित पूरे इलाके में भी ईद का पर्व सादगी और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।
     इस मौके क्षेत्र में लॉक डाउन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए एसडीएम विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, महराजगंज कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह, बछरावां एसो पंकज तिवारी, शिवगढ़ एसो राकेश सिंह, नायब तहसीलदार आरके वर्मा मुस्तैद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ