मंडलायुक्त ने किया आइसोलेशन वार्ड का औचक निरीक्षण।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ़/रायबरेली: मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने जिलाधिकारी सुभ्रा सक्सेना, सीडीओ अभिषेक गोयल, पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगैन के साथ शिवगढ़ क्षेत्र के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड एवं केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ का औचक निरीक्षण कर कोरोना महामारी को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया।
      आपको बता दें कि, शिवगढ़ क्षेत्र के गोविंदपुर ग्राम पंचायत में स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में कोरोना महामारी को देखते हुए तहसील स्तरीय आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम, जिलाधिकारी सुभ्रा सक्सेना, पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगैन, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने आइसोलेशन वार्ड में की गई आधारभूत व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। वहीं डॉक्टरों के लिए बनाए गए ड्यूटी कक्ष के साथ ही समूचे पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। आइसोलेशन वार्ड में साफ-सफाई देखकर मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम संतुष्ट दिखे।
       जिसके पश्चात मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने डीएम, एसपी,सीडीओ के साथ शिवगढ़ केंद्रीय विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रीय विद्यालय में बिछे साफ-सुथरे गद्दों को देखकर संतुष्ट दिखे और मण्डलायुक्त मुकेश मेश्राम ने तारीफ की।
      खण्ड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि, भविष्य में जरूरत पड़ने पर शिवगढ़ केंद्रीय विद्यालय को क्वारंटाइन सेन्टर बनाया जा सकता है। जिसको लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
       इस मौके पर महराजगंज उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, तहसीलदार विनोद सिंह, शिवगढ़ खण्ड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत जितेंद्र प्रताप सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव अभिषेक सिंह, एडीओ समाज कल्याण अधिकारी शिवशरन सिंह सहित लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ