ढाई सौ से ज्यादा आबादी वाले गांवों को पक्के सड़क मार्ग से जोड़ा नहीं जा सका

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद अधिकारियों की उदासीनता से अभी भी बड़ी तादाद में ढाई सौ से ज्यादा आबादी वाले गांवों को पक्के सड़क मार्ग से जोड़ा नहीं जा सका है। जिससे जरा सी भी बरसात होने पर लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही एक गांव है सुजातगंज जहां लगभग चार या पांच सौ लोगों की आबादी है। वहां आने जाने का कोई पुख्ता मार्ग नहीं है। सैकड़ों ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।

     आपको बता दें कि, कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष इरशाद आलम के नेतृत्व में चंद्रभान सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह, नागेश्वर, बाबू, प्रकाश, धनपत पासी सहित तमाम लोगों ने बताया कि, ग्राम सभा अतरेहटा के महराजगंज से सुजानगंज गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग अत्यंत ही जर्जर अवस्था में है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना जाना रहता है। किंतु बारिश के मौसम में पूरे रास्ते में जलभराव के कारण लोगों का आना जाना ठप हो जाता है। इस दौरान अगर गांव में कोई आदमी बीमार पड़ जाए, तो उसे अस्पताल लाने में बहुत बड़ी समस्या होती है।

     एसडीएम की गैरमौजूदगी में तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए लोगों ने ज्ञापन को शासन स्तर तक भेज कर सड़क शीघ्र अति शीघ्र बनवाने की मांग की है। वहीं तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष इरशाद आलम  और आए हुए लोगों को आश्वस्त किया कि, उनके ज्ञापन पर आवश्यक कार्यवाही करवाई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ