सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों की खैर नहीं-सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली परिसर में क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी की अध्यक्षता में क्षेत्रीय संभ्रांतजनों की एक बैठक हुई। जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना महामारी के चलते उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के बारे में प्रदेश सरकार के ताजे दिशा निर्देशों के बारे में लोगों को जागरूक कर निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

     आपको बता दें कि, इस मौके पर बोलते हुए क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि, सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ को रोकने के लिए सख्त निर्देश आए हैं। उन्होंने कहा कि, मंदिरों में अधिकतम 5 लोग ही वह भी सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर पूजा पाठ कर सकते हैं। अब न तो कोई नई मूर्ति की स्थापना होगी और ना कोई धार्मिक बड़ा आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा मोहर्रम पर भी शासन के निर्देशानुसार जुलूस आदि निकलने पर भी पूर्ण पाबंदी रहेगी, साथ ही साथ लोगों को मास्क पहनकरके ही बाहर निकलना होगा।

     इसके अलावा धार्मिक राजनीतिक कार्यक्रम अथवा जलसे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियों से लोगों को आगाह किया है कि, शिकायत मिलने पर दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त अश्लील मैसेज अथवा किसी की भावनाओं को आहत करने वाले मैसेज भी डालना अपराध है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि, शासन के निर्देश जनता के हितों के लिए ही जारी किए गए हैं।

     लोग स्वयं इसका पालन करें, तथा जानकारी दूसरों को भी देकर पुलिस की मदद करें, और किसी प्रकार की अफवाह अथवा समाज विरोधी कार्य करने वाले अराजक तत्वों की गतिविधियों की सूचना पुलिस और प्रशासन को दें। एक स्वच्छ और अनुशासित समाज ही देश और प्रदेश की तरक्की के लिए कार्य कर सकता है।

   कार्यक्रम में मौजूद नायब तहसीलदार रामकिशोर वर्मा और प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ साथ जनप्रतिनिधि और कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ