केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई नई शिक्षा नीति से देश के भावी कर्णधारों को एक नई दिशा मिलेगी-विधायक राम नरेश रावत
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भाजपा सरकार द्वारा शिक्षा के उन्नयन और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास सफल हो, इसमें शिक्षकों के साथ साथ अभिभावकों की भी बहुत बड़ी भूमिका है। बच्चे शिक्षित हो, संस्कारिक हो, आगे चलकर वह राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बने, इससे एक स्वस्थ समाज के साथ-साथ मजबूत राष्ट्र का निर्माण होगा। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि, वह अपने बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाएं। यह उद्गार भाजपा के बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने यहां पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज में बच्चों को निशुल्क ड्रेस व मास्क वितरण समारोह के दौरान व्यक्त किए हैं।
आपको बता दें कि, कोरोना महामारी के चलते शासन के निर्देशों के तहत बहुत ही सीमित ढंग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आयोजकों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज प्राथमिक विद्यालय महराजगंज और पूर्व कन्या माध्यमिक विद्यालय महराजगंज के केवल पांच पांच छात्र छात्राओं को बुलाकर विधायक तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू द्वारा ड्रेस वितरित कराया गया। इसी क्रम में बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, इससे देश के भावी कर्णधारों को एक नई दिशा मिलेगी, और ऐसी शिक्षा व्यवस्था लागू हो जाएगी कि, जो न केवल रोजगार परक होगी, बल्कि प्रतिभाओं को उनकी क्षमता के अनुसार सजाने और संवारने का मौका मिलेगा। उन्होंने विपक्ष द्वारा उठाई जा रही आपत्तियों को गलत बताते हुए कहा कि, पूर्ववर्ती सरकारों ने लार्ड मैकाले की शिक्षा नीति में फेरबदल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जबकि भाजपा सरकार ने यह कार्य कर दिखाया है। इसी क्रम में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू ने महराजगंज के तीनों विद्यालयों में की जा रही ड्रेस वितरण को बच्चों के लिए एक अच्छा कार्य बताया है, और शिक्षकों से अपील की है कि, सरकार की इस योजना का लाभ हर छात्र छात्रा तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि, अभी तो विद्यालयों को बंद कर रखा गया है। लेकिन जब प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षण कार्य शुरू किए जाने को हरी झंडी दी जाएगी, तब अभिभावकों को चाहिए कि, वह अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राम नरेश रावत का स्वागत करते हुए कहा कि, जब से वह विधायक बने हैं परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बढ़ा है, तथा बछरावां क्षेत्र का चौमुखी विकास हो रहा है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बछरावां हरि कृष्ण पांडेय, बृजेश कुमारी श्रीवास्तव प्रधानाध्यापिका, दयाशंकर सिंह पूर्व शिक्षक, दशरथ कुमार सिंह प्रधानाध्यापक, शिव शंकर सिंह जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, संजय कनौजिया महामंत्री, मधुकर सिंह ब्लॉक अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, एसएमसी अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज, शिव बालक, रचना शाक्य, शिल्पी, अरविंद त्रिपाठी, रवितोष त्रिपाठी, विजय धोनी, संतोष सिंह, वंदना सिंह भाजपा नेत्री आदि लोग मौजूद रहे।





0 टिप्पणियाँ