रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के कुबाना गांव में 2 दिन पहले हुए कार्यवाहक प्रधान के चुनाव की रंजिश को लेकर दबंगों ने गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति की जमकर पिटाई की। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, किंतु दबंग मोटरसाइकिलें छोड़कर घटनास्थल से भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए घायलों का मेडिकल कराया है, साथ ही दोनों मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली हैं।
आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में कुबना गांव के रहने वाले दिनेश कुमार सिंह पुत्र उदय भान सिंह ने आरोप लगाया है कि, बीते 2 दिन पहले गांव में कार्यवाहक प्रधान का चुनाव हुआ था। जिसमें उन लोगों ने जीते हुए प्रधान का समर्थन किया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के महेंद्र सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह, आशु सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह, शिवा सिंह पुत्र सुखेंद्र सिंह उससे नाराज चल रहे थे।
घटना के बारे में उन्होंने बताया कि, वह अपने खेत बनिया के पुरवा गए हुए थे। लौटकर चौकीदार के दरवाजे बैठ गए, तभी चारों प्रति पक्षी जो पहले से ही घात लगाए बैठे थे। एकमत होकर आए लाठी-डंडों तथा सरिया से उसकी पिटाई शुरू कर दी, साथ ही उसके चिल्लाने पर लोग दौड़े, तो गाली गलौज करते हुए मामले की रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसी दरमियान उसने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर महराजगंज कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे, किंतु हमलावर पुलिस को आता देख घटनास्थल से भाग निकले। लेकिन अपनी मोटरसाइकिलें नहीं ले जा सके। पुलिस ने मामले में चारों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली है।
मामले में कोतवाल अरुण कुमार सिंह का कहना है कि, तहरीर दर्ज कर ली गई है। विवेचना के दौरान पाए गए तथ्यों के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ