महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र में कई दिनों से कोरोना के मामले नहीं आ रहे थे, तो समझा जा रहा था कि, कोरोना की रफ्तार थम गई है। किंतु बीते 24 घंटों के दौरान 14 नए मामले सामने आने के बाद ग्राफ अचानक बढ़ गया है। जिनमें से 13 मरीज तो केवल डोमा पुर गांव में पाए गए हैं। जबकि 14वां मरीज पुरासी गांव में पाया गया है। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, साथ ही सूचना मिलने पर सीएमओ रायबरेली ने सीएचसी महराजगंज पहुंचकर हालात का जायजा लिया और कोविड-19 नियंत्रण से जुड़े स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए।
आपको बता दें कि, कोरोना ब्लॉक प्रभारी कमल श्रीवास्तव ने बताया कि, विगत कई दिनों से क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का सिलसिला मिलना बंद हो गया था। किंतु बीते मंगलवार को कोरोना परीक्षण सचल दल ने डोमा पुर में जाकर लगभग 30 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट करके नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। जिसमें आज जब रिपोर्ट आई तो 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। जिससे इस ग्राम सभा में हड़कंप मच गया।
आनन फानन सीएमओ के निर्देश पर गांव टीम भेजकर 52 लोगों का एंटीजन टेस्ट कराया गया है। जबकि पुरासी गांव के एक मरीज ने जिसकी किडनी और लीवर खराब थी, वह अपना इलाज कराने लखनऊ गया था, तो लखनऊ में हुई जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित पाया गया। जिसकी रिपोर्ट सीएचसी महराजगंज भेजी गई है।
कोरोना प्रभारी ने यह भी बताया कि, पुरासी में भी टीम भेजकर 30 मरीजों का एंटीजन टेस्ट कराया गया है। लगातार कोरोना मरीजों के निकलने से लोगों में दहशत बढ़ गई है।

0 टिप्पणियाँ