रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: ब्लाक प्रमुख विक्रांत अकेला की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की एक बैठक संपन्न हुई। जिसमें विकासखंड के क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजित बैठक में आए हुए क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों ने सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस के दृष्टिगत शारीरिक दूरी का पालन किया।
आपको बता दें कि, बैठक प्रारंभ होने से पूर्व विकासखंड के वरिष्ठ लिपिक अरविंद बाजपेई द्वारा कराए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि, ग्राम पंचायतों में बनने वाले शौचालयों का लक्ष्य लगभग शत प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। मनरेगा में 247087 मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। और 9677 परिवारों को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रतिदिन 2200 श्रमिक काम पा रहे। 5 करोड़ 51 लाख 76 हजार रुपयों का भुगतान मनरेगा के अंतर्गत किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि, पूरे जनपद के अंदर बछरावां विकासखंड का अपना एक सम्मानजनक स्थान है।
बैठक में मौजूद बाल विकास परियोजना के प्रतिनिधि ने बताया कि, सरकार द्वारा आंगनबाड़ी के माध्यम से दिया जाने वाला पोषाहार बंद कर दिया गया है। अब स्वयं सहायता समूह के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार से 20 आंगनबाड़ी केंद्र मांगे गए हैं। जिन ग्राम सभाओं में आंगनबाड़ी केन्द्र प्रधान बनवाना चाहते हो, तत्काल प्रभाव से प्रस्ताव भेजे। खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि, जो प्रधान आंगनबाड़ी बनवाना चाहते हो, वह विकासखंड के माध्यम से प्रस्ताव भेज दें। ताकि समय-समय पर बाल विकास विभाग से जानकारी मांगी जा सके। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा नए बन रहे स्कूलों तथा कायाकल्प में गुणवत्तापूर्ण सामग्री लगाने का अनुरोध किया गया। स्वास्थ्य विभाग से आए डॉ0 राधेश्याम द्वारा कोरोना जैसी महामारी के लक्षण और बचाव पर प्रकाश डाला गया।
बैठक में प्रधानों ने इस बात पर आक्रोश जताया कि, जिस समय गांव में नाली नाले व मार्ग आदि बनने चाहिए सरकार उन्हें पशु शेड, सूअर पालन, बकरी पालन सेड आदि बनवाने का आदेश दे रही है। यह ग्राम पंचायतों की स्वतंत्रता पर आघात है। ग्राम सभाएं सरकार की मंशा के अनुरूप चलाई जा रही है। जो उनके अधिकारों का हनन है। प्रधानों के इस आक्रोश पर खंड विकास अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि, वह प्रधानों की भावनाओं से उच्चाधिकारियों तथा सरकार को अवगत कराएंगे।
बैठक के अंत में प्रमुख विक्रांत अकेला द्वारा सभी प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बैठक में राजा मऊ प्रधान राकेश तिवारी, खैरानी प्रधान शैलेंद्र यादव, रेन प्रधान, राम बहादुर यादव नीवा प्रधान, नरेंद्र सिंह कुंडोली प्रधान, शिवकुमार तिलेंडाप्रधान, बृजलाल तमनपुर प्रधान, रामविलास सेहंगो पश्चिम प्रधान, शिव शरण सहित भारी संख्या में ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ