रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: राजनीति को हमने आम जनता की सेवा करने का माध्यम बनाया है। इसके तहत हम निरंतर जन कल्याण के काम करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। प्रधान हैं तब भी हमने काम किया है और नहीं भी रहेंगे तब भी जनता की सेवा करते रहेंगे। विरोधियों का काम है, सही को गलत ठहराना, विरोधी अपना काम करें, हम अपना काम करते रहेंगे। विपक्षी के प्रबल विरोध से हमें प्रेरणा मिलती है, और हमारा उत्साह कई गुना बढ़ जाता है। यह बातें ताजुद्दीनपुर ग्राम सभा की प्रधान राजकुमारी सिंह ने मीडिया को दिए गए साक्षात्कार में कहीं है।
आपको बता दें कि, हमारे इस संवाददाता से बातचीत के दौरान राजकुमारी सिंह ने कहा कि, गांव का प्रधान चुने जाने के पहले से वह और उनका परिवार गरीब जनता की सेवा करता आया है। प्रधानी के कार्यकाल में जितना काम उन्होंने करवाया है, किसी अन्य व्यक्ति ने उसका चौथाई काम भी नहीं किया था, ग्राम पंचायत में चाहे सड़कों का मामला हो, चाहे इंटरलॉकिंग का कार्य रहा हो, या फिर पक्की नालियों के निर्माण का मामला रहा हो, अथवा चाहे खड़ंजा बिछवाये आने का मामला रहा हो। इसके अलावा गांव में स्ट्रीट लाइटों से लेकर सोलर लाइटों तक, इंडिया मार्का हैंड पंप से लेकर 4 नंबर मशीनों तक का कार्य, लोगों को दिखाई पड़ रहा है। इसके साथ साथ गांव वासियों के लड़कियों की शादी में एक कुंतल चीनी, एक टीना सरसों का तेल या डालडा और 11 हजार रुपए नगद देने का सिलसिला वर्षों से चला आ रहा है और आगे भी चलता रहेगा।
श्रीमती सिंह ने आगे बताया कि, हर साल की 23 नवंबर को तोमर दास बाबा के मंदिर पर एक विशाल भंडारे का आयोजन के साथ साथ गांव की गरीब लड़की की शादी का खर्चा वे उठाती है, साथ ही रक्षाबंधन पर विधवा महिलाओं को निशुल्क साड़ी का वितरण, विकलांगों को वस्त्र आदि भेंट करती हैं। इसके अलावा गांव में तेरहवीं व अन्य पारिवारिक आयोजनों में भी 50 किलो शक्कर, एक टीना सरसों का तेल उन्होंने जात पात का भेदभाव भुला कर सभी को दिया जाता है। अभी हाल ही में अपने व्यक्तिगत व्यवसाय इसमें राइस मिल की कमाई भी शामिल है से उन्होंने 24 इंडिया मार्का हैंड पंप, तथा 2 सौ 4 नंबर हैंड पंप की मशीनें जनता के घरों में उन्होंने लगाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि, विपक्ष इन्हीं सब बातों को लेकर उनके प्रति मन में दुर्भावना रखता है तथा तरह-तरह की भ्रांतियां जनता में फैला रहा है। सबसे खास बात यह है कि, उनके विकास कार्यों से 99 फ़ीसदी गांव की जनता, चाहे वह अमीर हो या गरीब, चाहे किसान हो या खेतिहर मजदूर, चाहे सवर्ण हो या दलित, या फिर पिछड़ा सारे लोग संतुष्ट हैं। किंतु कुछ नेता टाइप के दबंग लोग अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षा के चलते परेशान रहते हैं। क्योंकि गांव में जनता ऐसे लोगों को अपने घरों पर बैठने तक को नहीं कहती है। इन्हें आभास हो चला है कि, प्रधान द्वारा इसी तरह जनसेवा के काम व विकास कार्य कराए जाते रहे, तो आगामी पंचायती चुनाव में ऐसे लोगों को प्रस्तावक और समर्थक तक नहीं मिलेंगे। इसी बात को लेकर ऐसे चंद लोग गांव में बेवजह उनकी तथा उनके परिवार की आलोचना करते रहते हैं। सच्चाई तो यह है कि, ऐसे नकारात्मक सोच वाले स्वार्थी लोगों के विरोध करने से उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा प्राप्त होती है, और वह लगातार जनता की सेवा और विकास कार्य कराती जा रही हैं। श्रीमती सिंह ने कहा कि, विरोधी अपना काम बंद ना करें। यही मेरी विरोधियों से अपील है। ताकि उन्हें अच्छे काम करने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा मिलती रहे।
उक्त उद्गार ताजुद्दीनपुर ग्राम प्रधान राजकुमारी सिंह ने हमारे संवाददाता से बातचीत के दौरान रायबरेली के देवानंद लखपतिपुर पीपल वाले के पास स्थित आवास में व्यक्त किए हैं।

0 टिप्पणियाँ