●नरेंद्र मोदी से बढ़कर किसानों का हितैषी कोई और नहीं।
●चंद राष्ट्र विरोधी ताकते किसानों को बहला-फुसलाकर इन कानूनों का विरोध कराने पर आमादा।
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: केंद्र सरकार द्वारा खरीफ की फसलों के लिए सरकारी समर्थन मूल्य घोषित किए जाने का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है, और कहा है कि, नरेंद्र मोदी से बढ़कर किसानों का हितैषी कोई और नहीं है। अब देश हित में किसानों को अपना आंदोलन वापस ले लेना चाहिए।
आपको बता दें कि, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में खरीफ की फसलों के समर्थन मूल्य की घोषणा की गई थी। जिसमें धान, बाजरा, दाल जैसी तमाम कृषि उत्पादों के सरकारी समर्थन मूल्य में भारी वृद्धि की गई थी। इसी को लेकर यहां भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य और पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि, जिस प्रकार से नरेंद्र मोदी सरकार किसानों के हित में एक से बढ़कर एक कदम उठा रही है, उससे साबित होता है कि, सरकार वास्तव में किसानों की माली हालत में काफी सुधार करना चाहती है।
उन्होंने संसद में पारित किए गए तीनों कृषि विधेयकों की तारीफ करते हुए कहा कि, एक बार धरातल पर यह कानून लागू हो गए, तो देश के कृषि क्षेत्र का स्तर काफी ऊंचा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, चंद राष्ट्र विरोधी ताकते किसानों को बहला-फुसलाकर इन कानूनों का विरोध कराने पर आमादा हैं। लेकिन अब किसान इन तत्वों की असलियत जान चुका है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की भी तारीफ की।
इसी क्रम में पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने कहा कि, एमएसपी पर जानबूझकर एक साजिश के तहत किसानों को गुमराह किया जा रहा था। जबकि हकीकत यह है कि, किसानों का हित केवल और केवल मोदी सरकार ही कर सकती है, इसमें कोई दो राय नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार की कृषि नीति की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि, किसान ही देश का भगवान है।
इस मौके पर शशि बाबू भदौरिया, हनुमान सिंह, रामराज सिंह, कप्तान सिंह, चंद्रपाल यादव, जगदीश लोधी आदि मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ