सड़क पर बह रहा सीवर का पानी, नगरपालिका अध्यक्ष ने दिया तत्काल समस्या के समाधान का निर्देश।। Raebareli news।।

 रजनीकांतअवस्थी

रायबरेली: शहर के व्यवसायिक क्षेत्र सब्जी मंडी में 2 वार्डों के सीमा विवाद को लेकर सड़क पर बह रहे सीवर के पानी को देखने सुनने वाला कोई नहीं है। वार्ड नंबर 9 और 33 के सभासद जनता की इस समस्या को लेकर अपनी जिम्मेदारियां एक दूसरे के सर मढ़ रहे हैं। जिसे लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश है।    

     आपको बता दें कि, विगत मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने जलभराव के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर पालिका परिषद से अविलंब समस्या के निराकरण की मांग की। जिस पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद ने विभागीय कर्मचारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। 

    इस संवाददाता से बातचीत के दौरान चेयरमैन पूर्णिमा


श्रीवास्तव ने बताया कि, सब्जी मंडी के अचार वाली गली में जलभराव की जानकारी मिली है। सीवर के क्षतिग्रस्त होने से जलभराव का संकट हुआ है। जिसे दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।    उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पम्प लगाकर तत्काल जल निकासी की बात कही है। साथ ही कहा है कि, समस्या के स्थाई समाधान के लिए टेंडर की प्रक्रिया दीपावली के बाद कराई जाएगी।

 

   गौरतलब है कि, अधिशाषी अधिकारी द्वारा सीवर में उतरकर कर्मियों द्वारा सफाई करने पर रोक लगा दी गई है। इस समय मशीन के माध्यम से ही सीवर की सफाई की जा रही है। लेकिन नालों को सीवर में मिला देने से शहर का मलबा, ईंटा पत्थर इत्यादि, जो जल निकासी को प्रभावित कर रहा है, उसकी सफाई बिना किसी व्यक्ति के अन्दर उतरे सिर्फ मशीन से नहीं हो सकती। जिसकी बानगी खोया मंडी में साफ देखने को मिल रही है। यहां कई दिन से मशीन लगाकर सीवर साफ किया जा रहा है, किंतु जल निकासी बहाल नहीं हो पा रही। जिसका नतीजा यह है कि, सब्जी मंडी में सीवर का पानी सड़क पर बह रहा है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ