खेतों में पराली जलाने वालों की अब खैर नहीं-तहसीलदार विनोद कुमार सिंह।। Raebareli news ।।

 

खेतों में पराली जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अख्तियार किया कड़ा रुख

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जिला प्रशासन की सख्त मनाही के बाद भी किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाए जाने की घटनाओं पर अंकुश न लगते देख, अब प्रशासन ने और कड़ा रवैया अख्तियार कर लिया है।

    आपको बता दें कि, पता चला है कि, लगातार सेटेलाइट द्वारा खेतों में पराली जलाए जाने की सूचना प्रशासन को भेजी जा रही है। इससे नाखुश जिलाधिकारी ने कल की बैठक में अधीनस्थों पर कड़ा रवैया अख्तियार करते हुए जमकर फटकार लगाई थी। जिसका असर यह हुआ कि, आज तहसील प्रशासन पूरी तरह से पराली जलाने को रोकने के लिए गांव गांव मुस्तैद रहा।

     पूर्वान्ह 10:00 बजे तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया। वाहन में सामने की ओर पराली जलाने से होने वाले नुकसानों के बारे में लोगों को जागरूक करने का विवरण लिखा है। वहीं लाउडस्पीकर द्वारा किसानों को चेतावनी भी दी जा रही है कि, पराली जलाने वालों की खैर नहीं है। पराली जलाने वालों के खिलाफ नगद जुर्माना तो वसूला ही जाएगा, साथ ही साथ उनको जेल की हवा भी खानी पड़ेगी।

    इसके अलावा इस मौके पर नायब तहसीलदार ऋषि कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी डॉक्टर राजेश कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल विपिन कुमार मौर्य के अलावा नगर पंचायत के जमुना प्रसाद आदि मौजूद रहे।

    उधर तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि, विगत दिनों खेतों में पराली जलाए जाने के 11 मामले प्रकाश में आए थे। उन्हीं किसानों को नोटिस देकर ₹20000 अर्थदंड वसूल कर राजकोष में जमा किया गया है। लेकिन अब कहीं भी पराली जलती पाई गई, तो पराली जलाने वालों के खिलाफ अर्थदंड तो वसूला ही जाएगा, साथ ही उनको जेल भी भेजा जाएगा। उन्होंने सभी राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को कड़ी हिदायत दी है कि, वह अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतें. किसानों को जागरूक करें। ताकि लोग पराली जलाने से बाजा आएं। इसी क्रम में तहसीलदार ने क्षेत्र के गांव जनई, बलीपुर आदि में मौके का भ्रमण कर किसानों को खेतों में गड्ढा खोदकर पराली को खाद के रूप में बनाने का प्रशिक्षण भी दिलाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ