कोविड-19 पर इंसान की जीत का आगाज।। Raebareli news ।।

सीएचसी महराजगंज में 150 लोगों का किया गया कोविड-19 टीकाकरण।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोविड-19 पर इंसान की जीत का आगाज आज यहां महराजगंज सीएससी में भी वैक्सीनेशन काम के साथ शुरू हो गया है। आज पहले दिन 200 लोगों का जिनमें कोरोना की लड़ाई में फ्रंट लाइन पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण का काम शुरू हो गया। यहां आज 200 लोगों को टीका लगाया जाना था। जिसमें महज 150 लोगों को ही टीका लगाया जा सका। जिसमें महिलाएं आगे रही, उनकी तादाद 122 रही। जबकि पुरुषों में महज 28 लोगों को ही टीका लगाया जा सका है।

    आपको बता दें कि, टीकाकरण के इस अभियान के पहले दिन सीएचसी परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। प्रवेश द्वार से लेकर अधीक्षक कच्छ, पंजीकरण वार्ड और टीकाकरण के दोनों कक्षों समेत टीकाकरण रूम में भी गुलाब की पंखुड़ियां बिखेरी गई थी। साथ ही चारों ओर गेंदा और गुलाब के फूलों से पूरे अस्पताल परिसर को सजाया गया था। इसके अलावा सीएचसी में सामान्य मरीजों को अलग से ओपीडी की व्यवस्था कर टीकाकरण के कार्य को ही अधिक महत्व दिया गया था।

    सुबह लगभग 10 बचकर 15 मिनट पर सीएमओ डॉक्टर वीरेंद्र सिंह जब सीएचसी पहुंचे, तो साज-सज्जा का काम चल रहा था। सीएमओ इस पर नाराज भी हुए, और उन्होंने कहा कि, टीकाकरण सुबह 10 बजे शुरू हो जाना चाहिए था। इस पर आनन-फानन व्यवस्था की गई, और वहां मौजूद अपर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रिजवान अहमद और डॉक्टर कृष्णा सोनकर पूरी व्यवस्था को चेक किया। इसके बाद 11 बजकर 20 मिनट पर सबसे पहले सीएससी अधीक्षक डॉक्टर राधाकृष्णन को पहला टीका लगाया गया। फिर डॉक्टर शिवेंद्र मिश्रा, डॉक्टर पीके श्रीवास्तव, डॉक्टर अनिल भारद्वाज के अलावा अस्पताल के फार्मासिस्ट हरीश श्रीवास्तव व अन्य स्टाफ ने भी टीका लगवाना शुरू किया।

     दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक लगभग 30 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। जिनका टीकाकरण हो जाता था, उन्हें वेटिंग रूम में कम से कम आधे घंटे के लिए रोक कर यह जानने की कोशिश की जा रही थी, कि कहीं उनको कोई रिएक्शन तो नहीं हुआ है। टीका लगवाने के आधे घंटे बाद जिनको टीका लगता था, उनका ब्लड प्रेशर आदि भी चेक किया गया। सभी लोग सामान्य पाए गए।

    आज पहले दिन 150 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। जिनमें 28 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल है। महिलाओं में अधिकतर आशा बहुएं रही। इस बारे में जानकारी करने पर अधीक्षक डॉक्टर राधाकृष्णन ने बताया कि, उन महिलाओं को टीकाकरण से मुक्त रखा गया है, जो या तो गर्भवती थी, अथवा अपने बच्चे को स्तनपान करा रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि, जिन लोगों का टीकाकरण शेष रह गया है। उन्हें आगामी 28 और 29 जनवरी 2021 को वैक्सीनेशन डे पर टीकाकरण किया जाएगा।

     इस मौके पर तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अभिजीत मिश्रा, एस आई जमुना प्रसाद त्रिपाठी सहित बड़ी तादाद में पुलिस बल मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ