बूथ स्तर पर संगठन को खड़ा कर BJP का विकल्प बनने की कोशिश में कांग्रेस, शुरू किया 'संगठन सृजन अभियान'।। Raebareli news ।।

पिछले दो दशक से लगातार हार से बेजार कांग्रेस अब बूथ स्तर पर नए सिरे से संगठन खड़ा कर 2022 में बीजेपी का विकल्प बनने की कवायद में जुटी है, पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथों के गठन पर खुद निगरानी कर रहे हैं।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: यूपी में हाशिए पर पहुंच चुकी कांग्रेस 'संगठन सृजन अभियान' के तहत हर बूथ तक पहुंच बनाएगी, और 2022 में खुद को बीजेपी के विकल्प के रूप में तैयार करेगी। रायबरेली में पार्टी पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी का यह अभियान कितना सफल होगा, यह तो समय बताएगा, लेकिन कांग्रेसियों की गतविधि बढ़ने से अन्य दलों में टेंशन जरूर बढ़ गई है।

    आपको बता दें कि, प्रियंका गांधी द्वारा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी की कमान संभालने और अजय कुमार लल्लू के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेसियों का जोश बढ़ा है। खासतौर पर सीएए, एनआरसी को लेकिन रायबरेली में प्रियंका का कांग्रेसियों के लिए संजीवनी साबित हुआ है। अब कांग्रेसी शीर्ष नेतृत्व के हर प्लान को पूरी शिद्दत से मूर्तरूप देने की कोशिश कर रहे हैं, साथ ही इनमें सत्ता की भूख भी बढ़ी दिख रही है।

     कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली आसपास के जिलों में भी अब कांग्रेस बीजेपी का विकल्प बनने की कोशिश कर रही है। इसके तहत बूथ स्तर पर पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से खड़ी हो, इसके लिए संगठन सृजन अभियान शुरू किया गया है। पार्टी के बड़े नेता खुद अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

   इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आवाहन पर न्याय पंचायत स्तर पर महराजगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में हरदोई गांव में न्याय पंचायत "संगठन श्रजन अभियान" के तहत एक कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को मजबूत बनाने के लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस पार्टी यूथ को प्राथमिकता दे रही है।

  कांग्रेस ही है बीजेपी का विकल्प: कार्यक्रम में मौजूद जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजीत सिंह और अमित पटेल तथा सुमित्रा रावत का कहना है कि, इस अभियान का उद्देश्य ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है। जिले के सैकड़ों बूथों पर गठन किया जा रहा है। ब्लॉक स्तर, न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लगातार यह प्रयास हो रहा है कि, संगठन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। 

     एआईसीसी सदस्य व पूर्व प्रमुख राम शंकर चौधरी ने कहा कि, केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियां देश को बर्बाद कर रही हैं। आम आदमी कांग्रेस को लेकर आशान्वित है। आने वाले चुनाव में कांग्रेस बीजेपी के विकल्प के रूप में सामने आएगी। वहीं कांग्रेस पार्टी के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कृपा शंकर शर्मा का कहना है कि, कांग्रेस ही बीजेपी का विकल्प है। प्रदेश एवं देश की जनता को मुश्किलों से उबारने के लिए कांग्रेस जी-जान से जुटी है। इसलिए हम गांव एवं न्याय पंचायत स्तर पर संगठन को और मजबूती दे रहे हैं।

     इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भरत मिश्रा, संजय शुक्ला, राघवेंद्र शुक्ला, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष सिंह, न्याय पंचायत अध्यक्ष सत्तार अहमद, जावेद, विकास अवस्थी सहित बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ