रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज नगर पंचायत के 10 सभासदों ने आज उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर काम ना होने तथा विभिन्न आयोजनों के संबंध में सूचना न मिलने से विरोध जताते हुए नगर पंचायत कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया।
आपको बता दें कि, सभासदगण रामकुमार यादव, अरविंद त्रिपाठी, अंकुर गुप्ता, शिव लली, शिव कांति, जुलेखा बानो, नुरुल हसन, फिरोज अहमद कुरेशी समेत 10 वार्ड सदस्यों ने अधिशासी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि, पिछले 3 वर्षों से सभासदों ने जिन कार्यो को कराने के लिए नगर पंचायत की बैठकों में प्रस्ताव दिए हैं। जिसमें एक भी काम नहीं कराया गया है। मासिक बैठक के नाम पर चेयरमैन द्वारा केवल खानापूर्ति की जा रही है, और जब सभासदों के दिए गए प्रश्नों की बात उठाई जाती है, तो अध्यक्ष द्वारा उसे दरकिनार कर दिया जाता है। जिससे सभासदों को अपने-अपने वार्डों में जनता को फेस करने में परेशानी हो रही है।
वहीं एक वार्ड सभासद फिरोज अहमद कुरैशी का आरोप है कि, चेयरमैन और ईओ द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की सूचना भी सभासदों को नहीं दी जाती है। इसका प्रमाण आज मतदाता दिवस के मौके पर महराजगंज कस्बे का 1 दिन के चेयरमैन नियुक्त किए जाने की सूचना सभासदों को नहीं दी गई। वहीं मतदाता जागरण रैली के लिए भी किसी भी सभा को आमंत्रित नहीं किया गया। इससे सभी सभासद अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
सभासदों ने यह भी चेतावनी दी है कि, शीघ्र ही उनके द्वारा दिए गए विकास प्रस्तावों को अमलीजामा न पहनाया गया, तो वह सभी मिलकर सक्षम अधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराएंगे, और समय पर कार्य ना शुरू हुआ तो समस्त सभासद अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।
उधर अधिशासी अधिकारी डॉ राजेश कुमार ने किसी भी ज्ञापन मिलने से इनकार करते हुए कहा कि, अभी तक उनकी जानकारी में ऐसा कोई ज्ञापन नहीं आया है, न ही सभासदों ने पहले से धरने पर बैठने की जानकारी ही उन्हें दी है। जहां धरने पर बैठे का सवाल है, तो उच्चाधिकारियों को या नगर पंचायत अध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा, और उनसे मिले दिशा निर्देशों के तहत कार्यवाही की जाएगी।



0 टिप्पणियाँ