रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: रायबरेली जिले के दुसौती गांव निवासी एक वीर सपूत ने दो आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा था, उसकी वीरता को ध्यान में रखते हुए देश के महामहिम राष्ट्रपति ने रायबरेली के वीर सपूत को शौर्य वीरता पदक से गणतंत्र दिवस के 24 घंटे पूर्व सम्मानित किया। जैसे ही वीर सपूत को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने की सूचना गांव सहित संपूर्ण जिले को हुई, वैसे ही बधाई देने वालों का तांता लग गया।
आपको बता दें कि, दिनांक 21 मार्च 2019 को कश्मीर स्थित हाजिन (बांदीपोर ) में एनकाउंटर में केसरी कुमार सिंह ने दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा था। केसरी कुमार सिंह रायबरेली जिले के दुसौती गांव के निवासी हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा 25 जनवरी को शौर्य वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। यह जानकर इनके पिता गुप्तार सिंह का सीना गर्व से चौड़ा हो गया, और उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति को आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
विदित हो कि, केसरी कुमार सिंह इस समय कश्मीर में सीआरपीएफ के 45वीं बटालियन में सहायक कमांडेंट के रूप में तैनात है। जो इस परिवार की पांचवी पीढ़ी है, इस देश की सेवा के लिए भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह एनकाउंटर कर उन्होंने अपने ही भाई शहीद उमाशंकर सिंह का 30 वर्ष पुराना बदला लिया है। जिन्हें वर्ष 1983 में कश्मीर में ही शहादत प्राप्त हुई थी। इस उपलब्धि के हासिल होने पर केसरी कुमार सिंह ने न सिर्फ अपने गांव का बल्कि पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
बधाई देने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे, पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, भाजपा विधायक राम नरेश रावत, सदर विधायक अदिति सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष इद्रमोहन सिंह, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सुशील पासी, जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू सहित बड़ी तादात में लोगों ने इस वीर सपूत को बधाई दी है।




0 टिप्पणियाँ