रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बांदा बहराइच मार्ग से लखनऊ इलाहाबाद मार्ग के लिए बना बाईपास तेज गति से चलने वाले वाहनों के लिए आए दिन दुर्घटना का सबब बन रहा है। इसी रोड पर समोधा के पास बने ब्रेकर पर कई दुर्घटनाए घट चुकी है। इस ब्रेकर से फिर एक महिला बाइक से उछलकर नीचे गिरी जिससे वह घायल हो गई है। पास में ही खड़ी डायल 112 पुलिस ने आनन-फानन उसे सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार कर चोट गंभीर ना होने की वजह से उन्हें गंतव्य के लिए जाने को कहा गया।
आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के मुताबिक इलाहाबाद निवासी अखिलेश कुमार सिंह एडवोकेट अपनी पत्नी पूजा जो फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के रूप में कार्यरत है तथा एक अन्य महिला पूनम सिंह जो जीएनएम है को साथ अपाचे मोटरसाइकिल से मेडिकल संबंधित परीक्षा देने के लिए लखनऊ जा रहे थे। घने कोहरे के कारण तेज गति से चल रहीे उनकी मोटरसाइकिल जैसे ही समोधा क्रॉसिंग पर पहुंची। वहां बने ब्रेकर पर उछल गई, और पीछे बैठी पूनम सिंह उछलकर दूर जा गिरी। संयोग से वहां पुलिस की 112 नंबर खड़ी थी, उसने आनन-फानन पूनम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर चोट गंभीर ना होने से तीनों लोगों को अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया गया।
ज्ञात हो कि, यह बाईपास समोधा के पास बछरावां कानपुर मार्ग को क्रास करता है। यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं घटती रहती है। क्षेत्रवासियों की मांग पर विभागीय अधिकारियों द्वारा कानपुर मार्ग के दोनों तरफ ब्रेकर बना दिए गए। परंतु संकेत चिन्ह नहीं बनाए गए। नतीजतन बाईपास से जाने वालों को पता ही नहीं चलता कि, ब्रेकर कहां पर है। खासतौर से जब कोहरा इत्यादि होता है, तो यह समस्या गंभीर हो जाती है। इस बात को समाचार पत्रों के द्वारा कई बार प्रमुखता से समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया गया। परंतु उनके द्वारा इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की गई।
ऐसा प्रतीत होता है कि, अधिकारियों को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि, इस क्रॉसिंग के पास दोनों तरफ ब्रेकर को चिन्हित करने वाले संकेत बनाए जाए, अन्यथा किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है और उसमें किसी की जान भी जा सकती है।


0 टिप्पणियाँ