वीरांगना झलकारी बाई को जाति और क्षेत्र की सीमाओं से बांधकर नहीं रखा जा सकता-रामसजीवन कोरी।। Raebareli news ।।

जनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जिले की झलकारी बाई कल्याण विकास परिषद और झलकारी बाई शिक्षा निकेतन संस्थाओं द्वारा महराजगंज के पूरे सुखई मजरे अतरेहटा में स्थित झलकारी बाई शिक्षा निकेतन में एक सामाजिक उत्थान गोष्टी के अलावा समरसता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें समाज से जुड़े कई मसलों पर विचार विमर्श किया गया। पूर्व विधायक राजाराम त्यागी की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।


    आपको बता दें कि, झलकारी बाई कल्याण विकास परिषद के संस्थापक अध्यक्ष राम सजीवन कोरी ने कहा कि, वीरांगना झलकारी बाई ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अपना बलिदान देकर जो मुकाम हासिल किया है, वह आने वाले सदियों में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि, झलकारी बाई एक ऐसी महान क्रांतिकारी महिला थी, जिन्हें क्षेत्र और जाति के बंधन से ऊपर उठकर देखना होगा, और उससे प्रेरणा लेनी होगी। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई शिक्षा निकेतन के संस्थापक पूर्व विधायक राजाराम त्यागी की सराहना करते हुए कहा कि, श्री त्यागी ने रायबरेली शहर के सबसे बड़े चौराहे पर वीरांगना झलकारी बाई की 16 कुंतल की कांस्य प्रतिमा जिसकी कीमत 16 लाख थी, प्रदेश के तत्कालीन यशस्वी मुख्यमंत्री कल्याण सिंह द्वारा स्वीकृत कराकर स्थापित कराई थी, यह कार्य सदैव ही प्रशंसनीय रहेगा।


   इसी क्रम में झलकारी बाई शिक्षा निकेतन के अध्यक्ष और कोरी समाज के वरिष्ठ नेता गुख्तार वर्मा ने दु:ख प्रकट किया कि, विशाल और भव्य प्रतिमा के चारों ओर लगाई गई रेलिंग टूट गई है। चबूतरा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। फिर भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित समाज के लोगों से अपील की है कि, इस कार्य के लिए अब सबको मिलजुल कर आगे आना होगा।

    कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टर रामकिशोर वर्मा ने झलकारी बाई के काम पर पूर्व विधायक श्री त्यागी द्वारा सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षण संस्था खोले जाने का स्वागत करते हुए कहा कि, वास्तव में यह वह विद्यालय है, जहां समाज के दबे कुचले गरीबों के बच्चों को जिस तरह से बिना भेदभाव के अच्छी शिक्षा दी जा रही है, वह अनुकरणीय है।


    कार्यक्रम में लखनऊ के लोकतंत्र सेनानी प्रभु दयाल के अलावा शिक्षक अमरेश धीमान, मोहम्मद इरशाद सिद्दीकी, लल्लू सिंह यादव एडवोकेट, रामसमुझ वर्मा, अंबिका शरण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेश मिश्रा एडवोकेट, बद्री विशाल अवस्थी, रिटायर्ड एडीओ पंचायत रामप्यारे सिंह, उमेश प्रधान उर्फ कुन्नू, चंद्रपाल यादव, महेश प्रसाद उर्फ पप्पू बीडीसी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील त्यागी, गंगासागर पांडेय, सुरेश चौधरी सभासद आदि ने भी संबोधित किया। इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार त्यागी द्वारा आयोजित समरसता भोज में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।

      कार्यक्रम में रामचंद्र सिंह, राम उदित चौरसिया, मोहम्मद ताहिर, सोहनलाल पासी, गुरचरण मौर्य आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ