रमेश सहगल 25 वर्षों से संकल्प के साथ दे रहे राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा।। Raebareli news ।।

 

अपने वेतन से खिलाड़ियों को उपलब्ध करा रहे हॉकी, बॉल और किट।

रजनीकांत अवस्थी

शिवगढ़/रायबरेली: शिवगढ़ क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुम्हरावां में तैनात सहायक अध्यापक रमेश सहगल राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देने के लिए संकल्प के साथ पिछले 25 वर्षों से खिलाड़ियों को पूरी तन्मयता से हॉकी की नि:शुल्क कोचिंग देते चले आ रहे हैं। 

    आपको बता दें कि, ग्रामीण अंचल से लेकर शहर तक अन्य खेलों की अपेक्षा राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति दिन प्रतिदिन खिलाड़ियों का रुझान कम होता जा रहा है। राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति लोगों की रुचि बराबर बनी रहे, जिसके लिए शिवगढ़ कस्बे के रहने वाले रमेश सहगल ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द व श्री बरखण्डी विद्यापीठ के खेल शिक्षक रामनरेश मेहता को अपना आदर्श मानते हुए सन् 1995 में शिवगढ़ क्षेत्र के किशोरों एवं युवाओं को नि:शुल्क कोचिंग देने का संकल्प लिया था। आखिरकार रमेश सहगल की मेहनत रंग लाई सन 1997 में रमेश सहगल को सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति मिल गई। सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति मिलने के बाद रमेश सहगल पूरी तन्मयता से विद्यालय में बच्चों का भविष्य सवारने लगे एवं विद्यालय में छुट्टी के पश्चात प्रतिदिन 2 घण्टे क्षेत्र के किशोरों एवं यूवाओं को हॉकी की नि:शुल्क कोचिंग देने लगे।

     रमेश सहगल की मेहनत और लगन के परिणाम स्वरूप सन् 2008 में शिवगढ़ क्षेत्र के खिलाड़ियों को नेशनल स्तर पर हॉकी मैच खेलने का गौरव प्राप्त हुआ। हॉकी को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ 1995 से नि:शुल्क हॉकी की कोचिंग देते चले आ रहे रमेश सहगल अपने वेतन से खिलाड़ियों को हॉकी और किट देने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। जिनके इस कार्य की समूचा शिवगढ़ क्षेत्र सराहना कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ