रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के हिलहा गांव में सुबह बबूल के पेड़ की डाल काटने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गए। गाली गलौज के बाद एक पक्ष ने दूसरे पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला बोल दिया, और प्रतिउत्तर में दूसरे पक्ष ने भी बचाव में जवाबी कार्यवाही की। घटना में दोनों पक्षों से तीन तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति के सिर पर कुल्हाड़ीयों के गहरे चोट होने के कारण हालत नाजुक देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में एक पक्ष की ओर से लिखाई गई एक पक्ष की रिपोर्ट में 6 लोगों के विरुद्ध बलवा जान से मारने का प्रयास जैसी धाराओं में और दूसरे पक्ष की ओर से लिखाई गई प्रथम सूचना में 5 लोगों के खिलाफ बलवा मारपीट और गाली गलौज जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
आपको बता दें कि, घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक गांव में भगवती सिंह के दरवाजे के सामने तालाब की जमीन व सहन के मामले को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। जिसमें दूसरे पक्ष के काशी बक्स सिंह आदि उस जमीन पर अपना अधिकार जताते आए हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। घटना के बारे में पुलिस को दी गई तहरीर में रोहित सिंह पुत्र भगवती सिंह ने आरोप लगाया कि, आज सवेरे दूसरे पक्ष के काशी बक्स सिंह पुत्र शिव शरण सिंह और उनके दो लड़के कुलदीप सिंह संदीप सिंह के साथ जगजीवन सिंह व जगदीश सिंह पुत्र गण शिव बक्स सिंह और अमरदीप सिंह पुत्र हजारी सिंह कुल्हाड़ी लाठी-डंडों से लैस होकर आ गए, और बबूल का पेड़ काटने लगे। इस पर उनके पक्ष की ओर से अजय सिंह उर्फ मोनू सिंह, बलि करन सिंह, भगौती सिंह ने मना किया, तो सभी अभियुक्तों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला बोल दिया। निहत्थे होने के नाते मोनू के सिर में कुल्हाड़ी से कई बार मारे गए, घटना में भगवती सिंह, वलिकरन सिंह और मोनू उर्फ अजय सिंह घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए यहां सीएचसी लाया गया। अजय सिंह उर्फ मोनू सिंह की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उसे तथा दूसरे चोटहिल भगौती सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मामले में रोहित सिंह की तहरीर पर सभी 6 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उधर दूसरी ओर से दी गई, तहरीर में संदीप सिंह पुत्र काशी बकस सिंह ने आरोप लगाया है कि, वह लोग अपना बबूल का पेड़ काट रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के रोहित सिंह पुत्र भगवती सिंह, अभिषेक सिंह और अजय सिंह उर्फ मोनू सिंह पुत्र गण बलिकरन सिंह, भगवती सिंह और बलि करन सिंह पुत्रगण देवी बक्स सिंह ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में काशीबक्स सिंह, जगजीवन सिंह, और संदीप सिंह को चोटे आई है। पुलिस ने मामले में दूसरे पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया है। घायलों को चिकित्सीय जांच के लिए सीएचसी भेजा गया है। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक दूसरे के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किए गए हैं। मामले की विवेचना की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ