रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: अभी राजामऊ में गत दिवस बिजली की शॉर्ट सर्किट से लगी आग में जली गेहूं की फसल का धुंआ पूरी तरह समाप्त भी नहीं हो पाया था, कि, ढीले तारों से उठी चिंगारियों ने मलिकपुर सरैया गांव में किसानों की लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। गनीमत यह रही कि, थुलेंडी चौकी से पहुंची पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और तभी दमकल विभाग की गाड़ियों ने पहुंचकर मोर्चा संभाला। तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना कठिन हो रहा था, परंतु किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में थुलेंडी व मलिकपुर सरैया के जमुना प्रसाद, शरीफ अहमद, लल्लन मिस्त्री, सुदामा देवी, विद्या देवी, राधेलाल, मुस्लिम, मोमिन, अब्दुल शेख, अब्दुल हकीम, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद जुबेर, फैज मोहम्मद, वसीम अल्लन, लड्डन, रामचंद्र, चुन्नी व मोहम्मद सलमान प्रभावित हुए।
आपको बता दें कि, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग की लाइनें इतना ज्यादा ढीली है, कि तेज हवाओं से आपस में टकरा जाती हैं। जिसका परिणाम चिंगारियों के रूप में फसलों को स्वाहा कर देने के लिए पर्याप्त होता है। इसी के साथ टकराव से हुई फाल्ट का खामियाजा उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ता है। कई कई दिन उन्हें विद्युत आपूर्ति से वंचित हो जाना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि, तत्काल प्रभाव से इन लाइनों को सही किया जाए अन्यथा जब भी तेज हवा चलेगी इस प्रकार के हादसे होते ही रहेंगे।
घटना की सूचना पाते ही तहसीलदार महराजगंज द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया गया, और लेखपाल को निर्देशित किया गया कि, वह शीघ्र ही नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि पीड़ितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।


0 टिप्पणियाँ