रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: दबंगों द्वारा सकरे रास्ते में बकरियां बांधकर रास्ता अवरुद्ध किए जाने का विरोध करने पर दबंगों ने लाठी-डंडों से मां बेटी की पिटाई कर दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आपको बता दें कि, घटना क्षेत्र के गांव पूरे अचली में विगत 26 मार्च की दोपहर 12:00 बजे उस समय घटित हुई, जबकि गांव की रहने वाली सोना देवी पत्नी राम किशोर ने आरोप लगाया कि, उसके घर आने जाने के सकरे रास्ते में पड़ोस की ही रामकली पत्नी रामसमुझ और उनकी लड़की पिंकी ने खूंटा गाड़ कर बकरियां बांध दी। जिससे सोना देवी के आने जाने का रास्ता अवरुद्ध हो गया। जिसका सोना देवी ने विरोध किया, तो प्रतिपक्षीगण राम विपत पुत्र शिवरतन, राम औतार पुत्र विशेषर, रामकली तथा उसकी लड़की पिंकी ने लाठी-डंडों से सोना देवी और उसकी पुत्री की जमकर पिटाई कर दी। जिससे मां बेटी घायल हो गई। सोना देवी का यह भी कहना है कि, प्रतिपक्षी गणों ने उसे रिपोर्ट करने थाने तक नहीं आने दिया।
कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि, भुक्तभोगी की तहरीर पर चारों प्रति पक्षी गणों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विवेचना कर कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ