रजनीकांत अवस्थी
महाराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र में असामयिक मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में महराजगंज कस्बे में चार लोगों की हुई मौत से शोक में समूचा कस्बा डूब गया, इनमें एक मौत उस परिवार में हुई है जिसमें 10 दिन पहले एक व्यापारी की मौत हो गई थी, और आज उसकी मां ने भी दम तोड़ दिया। उन्हें भी बुखार जुकाम और सांस लेने में दिक्कत की परेशानी बताई गई है।
आपको बता दें कि, महराजगंज कस्बे के रंधावा रोड के रहने वाले मनीष कुमार ने बताया कि, 10 दिन पूर्व उनके भाई रामचंद्र ठठेर की कोरोना से मौत हो गई थी। उनकी मां को भी कई दिनों से बुखार आने के बाद सांस लेने में दिक्कत हुई, और उन्होंने उपचार भी कराया, लेकिन आज उनकी मौत हो गई। इसी मोहल्ले में रहने वाले व्यापारी तथा पूर्व क्रिकेटर विजय ठठेरा 60 को भी जुकाम बुखार और सांस लेने में दिक्कत के चलते आज निधन हो गया। उनके भतीजे संतोष वर्मा ने बताया कि, उनका इलाज दो-तीन दिनों से चल रहा था। लेकिन आज हालत ज्यादा बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
जबकि कस्बे के गांधी नगर वार्ड में रहने वाले दशरथ 62 की भी तबीयत कल ही खराब हुई, और आज उनकी मौत हो गई। इसी मोहल्ले की रहने वाले कृष्ण कुमार की पत्नी सरोजिनी की भी सांस लेने से हुई दिक्कत के चलते मौत हो गई। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है। लगातार हो रही मौतों के बारे में सीएचसी अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि, जुखाम और बुखार की शिकायत होने पर लोगों को अपनी कोरोना जांच करानी चाहिए, लेकिन लोग अस्पताल में न आकर अपना इलाज स्वयं कराते हैं। इससे यह समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि, जुकाम बुखार की शिकायत होने पर अस्पताल आकर अपनी जांच कराएं, और डॉक्टरों के परामर्श के मुताबिक उपचार करावे।

0 टिप्पणियाँ