रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: दुकान बंद करके घर वापस लौट रहे बाइक सवार व्यापारी को एक बाइक पर सवार 3 अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल रोककर व्यापारी से बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, तो बदमाश हेलमेट से व्यापारी को पीटकर बगैर लूट की घटना को अंजाम किए भागने पर मजबूर हो गए। घटना से आसपास सनसनी फैल गई है। व्यापारी ने कोतवाली प्रभारी को मामले की लिखित तहरीर देकर बदमाशों का पता लगाए जाने की मांग की है।
आपको बता दें कि, रायबरेली रोड प्रज्ञा नर्सरी के सामने रहने वाले व्यापारी अरुण कुमार सोनी पुत्र जगदीश प्रसाद महराजगंज कस्बे के भीतर वार्ड नंबर 8 में शिप्रा ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। उनका आरोप है कि, वह अपनी दुकान बंद करके शाम लगभग 6 बजे बाइक से वापस घर लौट कर रहे थे, तभी मौर्या धुलाई सेंटर के सामने वह पहुंचे थे कि, बगल से एक बाइक पर सवार तीन लोग उसकी बाइक के बगल में आए, और बाइक रोककर चाबी निकाल लिया, तथा बैग छीनने का प्रयास करने लगे। उनका कहना है कि, बैग में 25 से 30 हजार नगदी के अलावा सोने चांदी के जेवर भी थे। व्यापारी के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, तो लुटेरों ने लोगों को आता देख हेलमेट से उसके सर पर कई प्रहार किए और भाग निकले।
व्यापारी का कहना है कि, अगर लोग ना दौड़ते तो लुटेरे उसका सामान लूट ले जाते। भुक्तभोगी ने मामले की सूचना लिखित रूप से कोतवाली महराजगंज में दे दी है। कोतवाली प्रभारी शरद कुमार का कहना है कि, मामले की छानबीन की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ