चुनावी रंजिश को लेकर दबंगों ने दंपत्ति पर किया कातिलाना हमला।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव रामकोला मजरे कोटवा मोहम्मदाबाद में चुनावी रंजिश को लेकर एक दबंग ने अपने चार पुत्रों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर एक दंपति पर कातिलाना हमला कर दिया। दंपत्ति जान बचाने के लिए घर के अंदर भागे तो दबंग घर में भी घुस गए, और पत्नी से छेड़खानी करने लगे। मना करने पर दबंगों ने पत्नी के साथ साथ उसके पति को इस कदर पीटा कि, उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में बलवा घर में घुसकर मारपीट छेड़खानी जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

   आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी गया बक्स की पत्नी पिंकी ने बताया कि, चुनावी रंजिश में उसके गांव के श्याम बहादुर यादव अपने लड़कों पंकज बृजेश शिबू अंगू के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पर चढ़ आए और चुनाव में दूसरे पक्ष की मदद करने का आरोप लगाते हुए गंदी गंदी गालियां देने लगे। जान बचाकर वह घर में घुस गई, तो विपक्षी वहां भी जा पहुंचे। अभियुक्तों में से 2 लोगों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। उसके चिल्लाने पर उसका पति गया बक्स बचाने दौड़ा, तो दबंगों ने उसकी भी लाठियों से जमकर पिटाई की, और पिंकी के चिल्लाने पर गांव तथा आसपास के लोग दौड़े तो दबंगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना में उसका पति इस कदर घायल हो गया कि, उसे बेहोशी हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।

    तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांचों अभियुक्तों के विरुद्ध बलवा छेड़खानी जान से मारने का प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, पिंकी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना शुरू कर दी गई है। मुलजिमों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ