मोटर खराब 12 दिनों से नहीं मिल रहा पानी, कोरोनाकाल में लोगों की परेशानी में इजाफा होना लाजिमी।। Raebareli news ।।



रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: एक तरफ जहां कोरोना की दूसरी लहर ने पूरे देश में मौत का तांडव मचा रखा है, तो वहीं दूसरी तरफ यूपी के रायबरेली जनपद के गांव मोन स्थित पानी की टंकी की मोटर विगत 12 मई 2021 को खराब हो जाने और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते लोगों को सप्लाई का पानी नहीं नसीब हो रहा है। कोरोना काल में लोग पहले से ही परेशान हैं। गरीब लोग जैसे-तैसे दो जून की रोटी का इंतजाम कर रहे हैं। ऐसे में पानी की किल्लत हो जाए, तो लोगों की परेशानी में इजाफा होना लाजिमी है। 

    आपको बता दें कि, यूपी में रायबरेली जनपद के महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव मोन में इन दिनों विगत 12 मई से बोर की मोटर खराब हो जाने से मोन सहित 3 ग्राम सभाओं मोन, कुसमहुरा और ज्योना के गांवों में लगभग 2 हजार घरों में पानी का संकट गहरा रहा है।

    मोन, कुसमहुरा और ज्योना गांव के रहने वाले पंडित शारदा शरण पांडेय, शैलेंद्र प्रताप उर्फ राहुल साहू समेत दर्जनों लोगों का कहना है कि, पिछले 12 दिनों से ग्राम सभाओं के गांवों में पानी नहीं मिल रहा है। इन लोगों का कहना है कि, यहां आए दिन ऐसी ही समस्याएं उत्पन्न होती रहती है, जिस पर अधिकारियों की उदासीनता के चलते उत्पन्न हुई समस्या जल्द बहाल नहीं की जाती है। जिसकी वजह से लोगों को पानी के भीषण संकट का सामना करना पड़ रहा है।

    ग्रामीणों का यह भी कहना है कि, ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व में कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। गर्मी में पानी नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। जल निगम के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।

    मामले में जल निगम के एक्सईएन संजय सिंह से जब बात की गई, तो उन्होंने बताया कि, समस्या संज्ञान में है मोटर बनवा कर ट्रायल के लिए चलाई गई थी, लेकिन फिर खराब हो गई। लॉक डाउन की वजह से कुछ जरूरी सामान बाजार से नहीं मिल पा रहा है। ठेकेदार से बात हो गई है। सामान मिलते ही 25 या 26 मई तक पानी की सप्लाई चालू कराई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ