शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: जहां एक तरफ देश की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार स्वच्छ भारत मिशन अभियान पर लगातार जोर दे रही है, तो वहीं महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के पुरासी गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यहां तैनात सफाई कर्मचारी अफसार अहमद उर्फ बबलू जो की पुरासी गांव की बजबजाती नालियों की साफ सफाई ना करके ब्लाक मुख्यालय पर सारा दिन कुछ नेताओं का पिछलग्गू बनकर उनकी चरण वंदना में लगा रहता है। इस भ्रष्ट सफाई कर्मचारी की ऊंची पहुंच के चलते महराजगंज ब्लॉक मुख्यालय में बैठे बीडियो और एडीओ पंचायत भी इसकी कारगुज़ारियों को जानते हुए भी अंजान बने बैठे हैं। मानो इस सफाई कर्मचारी की ऊंची पहुंच के आगे ये अधिकारी नतमस्तक हो। जिसके चलते ग्रामीणों ने थक हार कर पूरे मामले की शिकायत डीपीआरओ से की है। मामले का संज्ञान लेते हुए डीपीआरओ ने लापरवाह और नेताओं का पिछलग्गू बना सफाई कर्मचारी अफसार अहमद उर्फ बबलू के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
आपको बता दें कि, महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के पुरासी गांव की गलियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बज बजाती नालियां और गांव की गलियां कीचड़ से भरी पड़ी है। गांव निवासी राम प्रकाश मिश्रा, रामदास, अमित कुमार, गंगा प्रसाद, रामबालक आदि दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि, वर्तमान में बारिश सीजन में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। गांव की बजबजाती नालियों से संक्रमण फैलने का खतरा सता रहा है। नालियां चोक होने के कारण गांव में लगे इंडिया मार्का नलो के आसपास कीचड़ और पानी भरा हुआ है। गांव में तैनात सफाई कर्मचारी अफसर अहमद बबलू कभी गांव की तरफ झांकने तक नहीं आता है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि, कुछ महीनों पूर्व जिले के मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गांव का भ्रमण किया गया था। गंदगी का अंबार देखकर सीडीओ का माथा ठनक गया था, तथा जिम्मेदारों को निर्देश देते हुए इस सफाई कर्मचारी को हटाने के निर्देश दिए गए थे। बाद में इस भ्रष्ट सफाई कर्मचारी को हरचंदपुर ब्लाक से संबद्ध कर दिया गया था। परंतु अपनी ऊंची पहुंच और रसूख के बलबूते पुनः महराजगंज ब्लॉक में ज्वाइन कराके पुरासी गांव को ही चयनित कराने में सफल रहा, और फिर अधिकारियों और नेताओं की चरण वंदना में व्यस्त हो गया है। मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि, सफाई कर्मचारी अफसार अहमद उर्फ बबलू की जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




1 टिप्पणियाँ
UP Safai Karmi Bharti से जुडी Latest Interview Date की जानकारी इस प्रकार है की yogi sarkar के आने के बाद पिछली govt में निकली सभी भर्तियों पर रोक लगा दी गयी
जवाब देंहटाएं