रायबरेली जीआईसी मैदान से अमित शाह की दहाड़, कांग्रेस पर लगाया झूठ बोलने का आरोप


 रजनीकांत अवस्थी

रायबरेली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित साह ने रविवार को रायबरेली के जीआईसी ग्राउंड ग्राउंड में सभा को संबोधित करते हुए जनता से अपील की है कि, यहां से इस बार कमल खिला दो, 400 का आंकड़ा अपने आप पार हो जाएगा। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि, यहां (रायबरेली) में कई सारे लोगों ने मुझे कहा कि, ये परिवार की सीट है। मैं बहन प्रियंका गांधी का भाषण सुन रहा था, उन्होंने कहा कि, वह अपने परिवार से वोट मांगने आई हैं‌। बात तो सही है, रायबरेली वालों ने वर्षों से गांधी और नेहरू परिवार को जिताया है, लेकिन यहां से चुनकर जाने के बाद सोनिया गांधी और इनका परिवार रायबरेली कितनी बार आया है। चलो, सोनिया गांधी की तबियत तोड़ी खराब रहती है, लेकिन राहुल बाबा या प्रियंका बहन आई हैं क्या?

    रायबरेली कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन एक्टिव पॉलिटिक्स से सोनिया गांधी के संन्यास के बाद अमेठी की बजाए राहुल गांधी इस सीट से चुनाव मैदान में हैं। वहीं बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है।

       अमित शाह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि, शहजादे आज यहां वोट मांगने आए हैं, आप इतने सालों से वोट दे रहे हो, आपको सांसद निधि से कुछ मिला है? उन्होंने पूरा खर्चा किया है, अगर आपको मिला नहीं है तो कहां गया? 70% से ज्यादा सांसद राशि अल्पसंख्यकों में खर्च करने का काम सोनिया गांधी ने किया है।

      अमित शाह ने अपने संबोधन के दौरान गांधी परिवार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि, ये गांधी परिवार झूठ बोलने में बड़ा माहिर है। अभी कह रहे हैं कि, हम हर महिला को एक लाख रुपया देंगे। अमित शाह ने कहा कि, वह अभी अभी तेलंगाना से आये हैं, तेलंगाना चुनाव में उन्होंने कहा था कि, वह हर महिला को 15 हजार रुपये देंगे। प्रदेश की महिलाओं ने उन्हें सरकार चुनकर दे दी। 15 हजार क्या, 1,500 रुपये भी नहीं दिए।

     भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के समर्थन में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने गांधी परिवार खासकर प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से सवालों का जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि, यह लोग कहां थे, जब एनटीपीसी में ब्वायलर फटने से कई लोगों की मौतें हुई थीं। बछरावां रेल हादसे के दौरान भी यह परिवार नदारद रहा। इस हादसे में 50 लोगों की मौत हुई थी। पांच बच्चियों की डूबकर मौत हो गई तो भी परिवार गायब रहा। कोरोना महामारी में भी परिवार का अता-पता नहीं था।

      गृह मंत्री ने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि, संसद में जब तक भाजपा का एक भी सांसद रहेगा, तब तक दलितों और पिछड़ों का आरक्षण समाप्त नहीं होगा। इसके लिए चाहे जो भी कुर्बानी देनी पड़े। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस हमेशा से झूठ बोलती है। उन्होंने जम्मू कश्मीर में धारा 370 का मुद्दा भी उठाया और कहा कि, कांग्रेस कहती है कि, धारा 370 हटाकर गलत किया गया है। आप सभी बताओ कि, क्या धारा 370 हटना गलत था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ