रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली/लालगंज: उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनसभा की। इस दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को लेकर टिप्पणी की। सीएम ने कहा कि, आज तक नहीं समझ नहीं पाया हूं कि, पाकिस्तान से राहुल का क्या कनेक्शन है? सीएम ने लोगों से पूछा- ऐसे व्यक्ति का रायबरैली के लोग समर्थन करेंगे क्या? उन्होंने कहा कि, दो ही लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं। पाकिस्तानियों और राम विरोधियों के स्वर एक जैसे हो गए हैं।
आपको बता दें कि, सीएम योगी आदित्य नाथ लालगंज के ऐहार बाल्हेश्वर बाबा मंदिर में विशाल जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, याद रखिये 5 वर्षों में अयोध्या में राम लला भी अवतरित हुए हैं। उन्होंने इस दौरान जन्मोत्सव भी मनाया और होली भी खेली। हमारे कारण राम मंदिर का निर्माण हुआ। ये सौभाग्य का दिन देखने का अवसर किसी ने दिया है, ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। जब इनकी सरकार थी तब कांग्रेस ने कहा था राम तो ये कहते हैं राम और कृष्ण तो हुए ही नहीं।
योगी ने कहा कि, राम मंदिर भारत में नहीं बनेगा तो क्या इटली में बनेगा? ये चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच का चुनाव बन के रह गया है। मैं अभी गाना सुन रहा था कि, राम भक्त ही राज करेगा दिल्ली के सिंहासन पर.... उन्होंने दावा किया कि, रायबरेली में आज अगर एम्स है या रेल कारखाना है तो ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है।
योगी ने दावा किया कि, राहुल गांधी कहते हैं की मुझे तो भारत के अंदर हिंदुओं से डर है। ये हिन्दुओं को बदनाम करते हैं और आप से ही वोट मागेंगे? सीएम ने कहा कि, बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ कैसे दिया जाता है, यह उदाहरण पीएम मोदी ने प्रस्तुत किया। प्रभु श्री राम की भी यही इच्छा है कि, उनका भक्त ही फिर से देश का प्रधानमंत्री बने।
सीएम योगी ने कहा कि, कांग्रेस ने जो न्याय पत्र जारी किया है, वह भारत के प्रति अन्याय पत्र है। यह भारत के प्रति साजिश का दस्तावेज है। इसमें कांग्रेस गरीबी हटाने की बात कह रही है। दादी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, आज तक पोता वही रट रहा है। वे बता रहे कि, गरीबी हटाने के लिए संपत्ति का एक्सरे कराकर विरासत टैक्स लगाएंगे। आपके पूर्वजों की संपत्ति पर कांग्रेस की नजर है।
0 टिप्पणियाँ