एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी डंडों और कुल्हाड़ी से बोला हमला, पति-पत्नी घायल

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के हनुमंत मजरे ज्योना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष के चार लोगों द्वारा योजना बद्ध तरीके से दूसरे पक्ष के घर में घुसकर गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर जब गांव वाले दौड़े तो सभी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया है। जहां महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। उधर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

     आपको बता दें कि, घटना 17 जून 2024 दिन में लगभग 1:30 बजे की है। गांव निवासी राजकुमार पाल पुत्र राजा रामपाल उर्फ शंकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, उनके गांव के राम सजीवन पुत्र राम रतन से पुरानी रंजिस चलती है। सोमवार को दिन में लगभग 1:30 बजे राम सजीवन अपने साथ अपने बेटे अनुज, सूरज तथा शीतला प्रसाद पुत्र परसन को लेकर आए और उसके घर में घुसकर मां बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब उसने विरोध किया तो चारों हमलावर लाठी डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया।

        चीख पुकार सुनकर जब उसकी पत्नी पूनम उसे बचाने आई तो हमलावरों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार करके उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोर सराबा और चीख पुकार सुनकर गांव वाले दौड़े तो सभी आरोपी पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। 

     पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि, सभी आरोपी दबंग और सरहंग किस्म के व्यक्ति हैं। जिससे उन्हें जान माल का खतरा है।

     मामले में कोतवाल बालेन्दु गौतम ने बताया कि, मामला संज्ञान में आया है। मिली तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। अग्रिम विधि कार्यवाही की जा रही है।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ