रायबरेली से सांसद बने रहेंगे राहुल, वायनाड से प्रियंका गांधी लड़ेंगी चुनाव, मल्लिकार्जुन खरगे ने किया एलान


रजनीकांत अवस्थी

रायबरेल: राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। वह वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसकी घोषणा की है। वहीं, राहुल के इस्तीफे के बाद प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसका एलान करते हुए कहा कि, "राहुल गांधी 2 लोकसभा सीटों से जीते हैं, लेकिन कानून के मुताबिक उन्हें एक सीट खाली करनी होगी। राहुल गांधी रायबरेली सीट अपने पास रखेंगे और वायनाड लोकसभा सीट खाली करेंगे।

बैठक में लिया गया निर्णय: यह निर्णय सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक के बाद लिया गया, जिसमें तय किया गया कि, राहुल गांधी कौन सी लोकसभा सीट बरकरार रखेंगे।

     आपको बता दें कि, राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था और दोनों पर उन्हें जीत मिली थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे थे कि, राहुल कौन सी सीट छोड़ेंगे। अब कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि, राहुल रायबरेली से ही सांसद रहेंगे।

प्रियंका की चुनावी राजनीति में एंट्री: मल्लिकार्जुन खरगे ने वायनाड से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने का एलान किया है। यह उनकी चुनावी राजनीति में एंट्री होगी। इससे पहले उन्होंने पार्टी के संगठन में पद संभाला था, लेकिन अब तक चुनाव नहीं लड़ा था।

     वायनाड से चुनाव लड़ने की घोषणा पर प्रियंका गांधी ने कहा कि, 'वह वायनाड का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम होने से बहुत खुश हैं, और वह वायनाड वासियों को राहुल गांधी की अनुपस्थिति महसूस नहीं होने देंगी। वो कड़ी मेहनत करेंगी और सभी को खुश करने और एक अच्छा प्रतिनिधि बनने की पूरी कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि, उनका रायबरेली और अमेठी से बहुत पुराना रिश्ता है और इसे तोड़ा नहीं जा सकता। वह रायबरेली में भी अपने भाई की मदद करेंगी। दोनों रायबरेली और वायनाड में मौजूद रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ