रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: जनपद के थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात अन्दूपुर गांव में चोरों ने नकब लगाकर एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से 35 हजार की नकदी समेत लाखों के सोने चांदी के आभूषण समेट ले गए। पीड़ित ने घटनाक्रम की तहरीर थाने में दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, बृहस्पतिवार की रात महराजगंज थाना क्षेत्र के अन्दूपुर गांव के राम पदारथ शुक्ल पुत्र वृंदावन शुक्ल अपने पूरे परिवार के साथ मकान की छत पर लेटे हुए थे। बृहस्पतिवार की देर रात चोर घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर अंदर प्रवेश कर गए। बकौल रामपदारथ शुक्ल कमरे में रखी अलमारी के लाकर का ताला तोड़कर चोरों ने उसमें रखी 35 हजार रुपए की नगदी समेत चार अंगूठी सोने की जिनकी कीमत 80 हजार रुपए, दो मंगलसूत्र सोने के जिनकी कीमत 90 हजार, ढाई सौ ग्राम की पाजेब चांदी की कीमत 35 हजार, एक कान की झुमकी और एक टप सोने का जिसकी कीमत सवा लाख रुपए बताई गई है।
शुक्रवार की सुबह लगभग 5:00 बजे जब पीड़ित नित्य क्रिया के लिए घर के पीछे गया तो उन्होंने देखा कि, पीछे की दीवाल में नकब लगी हुई है। यह दृश्य देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे के अंदर रखी अलमारी खुली पड़ी हुई थी, जिसका लाकर चोरों ने तोड़ दिया था और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, घटना की जानकारी हुई थी, पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। लोगों से पूछताछ की। मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ