रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के बछरावां रोड पर बालाजी पब्लिक स्कूल के सामने मैदान में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास गांव के लोगों से पहचान करवाने का प्रयास किया तो मृतक की पहचान पासिन का पुरवा मजरे बसंतपुर सकतपुर के रूप में हुई है।
आपको बता दें कि, जानकारी के मुताबिक घटना बीती रात की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय ने पुलिस को सुबह 8:00 बजे फोन करके बालाजी पब्लिक स्कूल के सामने एक व्यक्ति का शव होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाल बालेंदु गौतम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास गांव के लोगों को बुलाकर शिनाख्त करने का प्रयास किया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त पासिन का पुरवा बसंतपुर सकतपुर के रहने वाले राजू पासी पुत्र राजा के रूप में हुई है, वह अपने ननिहाल कुसिहा राजाकंशपुर में रहता था और नशे का आदी था।
कोतवाल बालेन्दु गौतम ने बताया कि, घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आसपास के गांव के लोगों से पूछताछ की, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया नशे का इंजेक्शन लेने से ही मौत का होना प्रतीत हो रहा है, किंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली करणों का पता चल सकेगा।

0 टिप्पणियाँ