रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र झखरी मजरे खैरहना गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि, दोनों पक्ष एक दूसरे के लहू के प्यासे हो गए तथा जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें एक पक्ष से दो तथा दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति रक्त रंजित होकर जमीन पर गिर पड़े जिससे तीनों को गंभीर चोटें आई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक दूसरे के खिलाफ एक युवती समेत 6 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। चोटहिलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
आपको बता दें कि, घटना आज बुधवार की दोपहर 12:00 बजे के करीब की है। एक पक्ष की कमला देवी पत्नी कमलेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, विपक्षीगण शोभनाथ पुत्र राम आधार, अजय पुत्र राम आधार, कौशलेंद्र पुत्र राम सजीवन, अभिमन्यु पुत्र सुखलाल जबरन उसकी जमीन पर निर्माण कार्य कर रहे थे, जब उसने विरोध किया तो सभी ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, बचाने दौड़ी उसकी बेटी कोमल को भी मारा पीटा, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष के अजय पुत्र राम आधार ने भी तहरीर देते हुए बताया कि, घूरा के विवाद को लेकर कमलू पुत्र राम हर्ष, कोमल पुत्री कमलेश द्वारा उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की गई है।
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, दोनों ओर से मिली तहरीर पर 6 के विरुद्ध गाली गलौज, मारपीट जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ