रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बुलेट सवार दो लोगों को नैय्या नाला की पुलिया पर बैठे शराबियों ने बीच रास्ते पर अपनी बाइक खड़ी कर रास्ता रोक लिया। जब बुलेट सवारों ने शराब के नशे में धुत्त लोगों से रास्ते से गाड़ी हटाने की बात कही तो शराब के नशे में धुत दोनों आरोपी झगड़े पर अमादा हो गए और बुलेट सवारों को गालियां देते हुए जमकर मारा पीटा, जिससे दोनो गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। आनन-फानन मय पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने एक आरोपी को अंडर कस्टडी लेकर थाने ले आए और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
आपको बतादें कि, घटना गुरुवार देर शाम की है। कोतवाली क्षेत्र के जमुरावां गांव के रहने वाले शशिकांत मिश्रा पुत्र विजय कुमार मिश्रा व रामजी मिश्रा पुत्र अंबिका प्रसाद मिश्रा अपनी बुआ के घर दयालगंज पोखरा से बुलेट मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर जमुरावां आ रहे थे, तभी आंवाडीह जाने वाली सड़क पर गऊघाट नैय्या के पुल पर दो लोग शराब के नशे में धुत अपनी मोटरसाइकिल बीच रोड पर खड़ी कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था।
जैसे ही दोनों बुलेट सवार नैय्या नाला के पुल पर पहुंचे तो बीच रोड से मोटरसाइकिल हटाने की बात कही, यह बात सुनकर दोनों आरोपी झगड़े पर आमादा हो गए और गालियां देते हुए नशे की हालत में लाठी डंडों से मारना पीटना शुरू कर दिया। जिससे दोनों बुलेट सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। किंतु इससे पहले एक बुलेट सवार ने घटना की जानकारी गांव के एक व्यक्ति को दे दी।
उधर जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच रहे बड़ी तादाद में ग्रामीणों को देख दोनों आरोपी मौके से भाग निकले, किंतु विपरीत दिशा से आ रही पुलिस की गाड़ी ने एक हमलावर दौड़कर दबोच लिया और अपने साथ थाने ले आई।
मामले में रामजी मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों रंजीत कुमार उर्फ पुत्ती पुत्र केदार यादव और मुकेश पुत्र हरिश्चंद्र गोस्वामी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
मामले में कोतवाली प्रभारी बालेंदु गौतम का कहना है कि, एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ