रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ अर्पित उपाध्याय ने जनता की फरियाद सुनी। आज संपन्न हुए समाधान दिवस में कुल 39 मामले आए, जिसमें सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रही, इनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
आपको बता दें कि, महराजगंज तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में आए कुल 39 मामलों में राजस्व विभाग के 9, पुलिस से संबंधित 11, विकास से 7, अन्य 12 शिकायतें प्राप्त हुई थी। जिनमें पांच का विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष बची शिकायतों के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर रवाना कर दी गई है।
सीडीओ अर्पित उपाध्याय ने कहा कि, जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन गंभीर है। तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में जिन विभागों से संबंधित जनता की शिकायतें दर्ज हो रही हैं, सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता के साथ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें और मौके पर जाकर संबंधित शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि संबंधित पोर्टल पर शिकायतों को आनलाइन किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि, शिकायतकर्ता को भी संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा निस्तारण के दौरान उपस्थित रखा जाए, ताकि सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्ता परक रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
इस मौके पर एसडीएम राजित राम गुप्ता, तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव, नायब तहसीलदार अमृत लाल, लेखपालों विपिन कुमार, आद्या प्रसाद, ओमप्रकाश सोनी, विवेक प्रताप सिंह के अलावा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महराजगंज राम आशीष वर्मा, कोतवाल बालेंदु गौतम समेत विभागों के तहसील स्तरीय अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ