अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल की इलाज के दौरान मौत, चालक के विरुद्ध केस दर्ज

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के कस्बा महराजगंज में बीते 5 सितंबर 2024 की रात लगभग 8:30 बजे हनुमानगढ़ी के पास अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार कर घायल कर देने के मामले में इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर महराजगंज पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

     आपको बता दें कि, थाना शिवगढ़ के अकोहारी मजरे ओसाह गांव का रहने वाले गया प्रसाद पुत्र परसन ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, बीते गुरुवार की रात लगभग 8:30 बजे महराजगंज कस्बे के रायबरेली रोड पर हनुमानगढ़ के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनके पुत्र राम विशाल को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसके पुत्र ने दम तोड़ दिया। 

     मामले में कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, मामले की जानकारी होते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता द्वारा मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ