जिलाधिकारी ने चलाया चरखा मलिन बस्तियों में पहुंचकर लोगों से हुई रूबरू।
विनय कुमार गुप्ता
देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में आज सत्य, अहिंसा एवं शांति के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 155 वीं एवं ईमानदारी व सादगी के प्रतिमूर्ति पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की120 वीं जयंती कलेक्ट्रेट सभागार में मनाई गई।जिलाधिकारी ने राष्ट्र की दोनों महानतम विभूतियों के योगदान को याद कर नमन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि, महात्मा गांधी सत्य,अहिंसा एवं शांति जैसे मूल्य शाश्वत हैं। गांधी जी का जीवन इनके लिए समर्पित था। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को कथनी एवं करनी में ऐक्य रखना चाहिये। गांधीजी ने कहा था कि जो बदलाव आप दूसरों में देखना चाहते हैं, उसे पहले स्वयं में लाइये। परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है। साथ ही उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों से गांधी जी द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित में कार्य करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया।
गोष्ठी में सीआरओ जेआर चौधरी, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एएसडीएम मंजूर अहमद अंसारी, एएसडीएम हरिशंकर लाल ने अपने संबोधन के माध्यम से दोनों राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद जिलाधिकारी भुजौली कॉलोनी के निकट स्थित मलिन बस्ती पहुंची, जहां उनके नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। तदोपरान्त डीएम गांधी आश्रम गई और चरखा चलाकर सूत काटा। इस दौरान एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एएसडीएम हरिशंकर लाल, ईओ नगर पालिका देवरिया संजय तिवारी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।


0 टिप्पणियाँ