न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नवरात्रि व दशहरा पर्व

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू में दशहरे व नवरात्रि के अवकाश आरंभ से पूर्व  कन्या-भोज तथा बुराई पर अच्छाई की विजय स्वरूप 'दशहरा' पर्व बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य  राजीव सिंह तथा उप- प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव के द्वारा मां दुर्गा जी की पूजा अर्चना के साथ किया गया, तत्पश्चात कन्या भोज का आयोजन किया गया साथ ही कन्याओं को उपहार भी दिया गया। 

      आपको बता दें कि, बच्चों के द्वारा मां दुर्गा के नौ रूपों को विभिन्न झांकियों के माध्यम से दर्शाया गया। छात्रों ने रावण के पुतले पर बुराइयों को लिखकर इन्हे त्यागने का संकल्प लिया। तत्पश्चात रावण दहन राम के द्वारा किया गया। राम, लक्ष्मण, सीता तथा हनुमान के वनवासी वेश में बच्चे बहुत ही प्यारे लग रहे थे। बच्चों के द्वारा विभिन्न नाटक कार्यक्रम भी किए गए और कार्यक्रम का समापन रावण दहन से हुआ। 

      विद्यालय प्रधानाचार्य ने अपने उद्बोधन में बच्चों को विजयादशमी की जानकारी देते हुए कहा कि, इसी दिन अन्याय पर न्याय की जीत, असत्य पर सत्य की विजय और अनाचार पर सदाचार की जीत हुई थी, अतः बुराई कितनी भी प्रबल क्यों ना हो जीत हमेशा सच्चाई की ही होती है। इसीलिए हमेशा हमें सत्य का मार्ग ही चुनना चाहिए। उन्होंने दशहरे पर्व की सभी को बधाई व शुभकामनाएं दी।

       इस अवसर पर विद्यालय के समस्त  शिक्षक-शिक्षिकाएं व सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ