रायबरेली में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई दीपावली, घर-घर जले खुशहाली के दीप

रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली:
जिलेभर में दीपावली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घर-घर खुशहाली के दीप जलाए गए। युवाओं और बच्चों ने जमकर आतिशबाजी छोड़ी। देर शाम से आसमान सतरंगी नजर आया।
    आपको बता दें कि, दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर महिलाओं ने घरों में आकर्षक रंगोली सजाने के साथ ही लजीज पकवान बनाए। शुभ मुहूर्त में घर-दुकानों में विधि विधान से मां लक्ष्मी का पूजन कर परिवार एवं समाज के लिए मंगलकामना की गई। दीपक और इलेक्ट्रॉनिक झालरों की रोशनी के बीच हर तरफ उजियारा नजर आया।

     दूसरी तरफ सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहीं। दमकल टीम भी किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहीं। हालांकि महराजगंज थाना क्षेत्र के मोन गांव के एक घर में आग लगने की घटना प्रकाश में आई है।

     घर-दुकान व सरकारी इमारतें भी हुईं रोशन: दीपावली पर्व नगर महराजगंज व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह पूर्वक मनाया गया। शहर, कस्बों में घर-दुकानों से लेकर सरकारी इमारतों पर रोशनी जगमगाती रही। महिलाओं ने घरों में रंगोली सजाई। शाम में शुभ मुहूर्त में पूजन कर दीपक जलाए गए। मंदिरों में भी पूजन के लिए दिनभर श्रद्धालु जुटे रहे। परिवार एवं समाज में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई। पूजन के बाद बच्चों एवं युवाओं ने आतिशबाजी छोड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को उपहार के साथ पर्व की शुभकामना दी। देर रात तक आतिशबाजी में रंगीन रोशनी की चमक बरकरार रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ