रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: ग्रामीण अंचलों में लगने वाले विशाल मेले व रामलीला जैसे विविध कार्यक्रमों से जहां क्षेत्र में आपसी भाईचारा देखने को मिलता है। तो वही क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा अपनी प्रतिभा को निखारने का भी मौका मिलता है। ऐसे आयोजन अनवरत समय-समय पर क्षेत्र में होते रहे, जिससे समाज में जनमानस के बीच आपसी संवाद व भाईचारा बना रहता है। यह उद्गार आज महराजगंज क्षेत्र के पुरासी गांव में चल रहे विशाल मेले के दौरान रामलीला का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा नेता व पूर्व विधायक रामलाल अकेला व्यक्त कर रहे थे।
आपको बता दें कि, विगत कई वर्षों से पुरासी गांव में विशाल मेले का आयोजन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगासागर पांडेय के द्वारा किया जा रहा है, जिसके तहत दिसम्बर माह में पंच दिवसीय विशाल मेले का आयोजन इस बार भी किया गया है, मेले में पहुंचे पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने चौथे दिन के रामलीला मंचन का उद्घाटन कर शुभारंभ किया।
तत्पश्चात रामलीला मंच के माध्यम से अपने संबोधन में पूर्व विधायक ने कहा कि, उनके विधायक रहते ही पुरासी गांव को विकास की मुख्य धारा से जोड़कर इस गांव का चौमुखी विकास कराया गया था, गांव में विकास की अविरल धारा बढ़ाने के लिए उन्होंने लोहिया आवास, प्रधानमंत्री आवास के अलावा गांव में इंटरलॉकिंग का जाल, सीसी रोड का निर्माण तथा गांव को विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत चमकाने का काम उन्होंने विधायक पद पर रहते हुए किया था।
उन्होंने कहा कि, जब-जब इस गांव की जनता व क्षेत्र की जनता ने उन्हें याद किया है वह हर गरीब असहाय व पीड़ित व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते रहे हैं और चलते रहेंगें। उन्होंने मेला कमेटी, रामलीला कमेटी एवं कार्यक्रम की आयोजन कमेटी समेत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगासागर पांडेय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, ऐसे कार्यक्रम करने से गांव में आपसी भाईचारा बना रहता है, पुरासी गाँव का मेला न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि ग्रामीण जीवन की सांस्कृतिक धरोहर को भी संजोकर रखता है। जिसके लिए मेला आयोजन कमेटी धन्यवाद की पात्र हैं।
कार्यक्रम में मौजूद प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू ने भी रामलीला मंच से लोगों को संबोधित किया, उन्होंने कहा कि, पुरासी गांव का मेला पूरे गाँव एवं क्षेत्र के लिए एक विशेष अवसर है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों विशेष कर रामलीला का आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र होता है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करता हैं। पुरासी तथा आसपास क्षेत्र के गांवों की महिलाएँ युवा, बुजुर्ग और बच्चे रंग-बिरंगे कपड़ों में सज-धज कर मेले में भाग लेते हैं। मेले में आयोजित रामलीला के मंच से पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियाँ भी होती हैं, जो उत्सव का माहौल बनाती हैं। गंगासागर पांडेय एवं मेला कमेटी के सभी पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता डॉ माता फेर सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू सिंह, पूर्व प्रधान संत कुमार चौधरी, प्रधान जनई बिल्ला सिंह आदि लोग मौजूद रहे।





0 टिप्पणियाँ