पूजा अर्चना के उपरांत शोभा यात्रा निकाल कर श्रद्धालुओं ने श्री राम मंदिर स्थापना दिवस की मनाई वर्षगांठ

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: राम मंदिर स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने पर आज बुधवार को श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर पूजा अर्चना की, इसके बाद भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी तादाद में लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान शोभा यात्रा में जय श्री राम के जयकारों की गूंज रही और डीजे की धुन पर लोग जमकर थिरके।

     आपको बता दें कि, अयोध्या में पिछले वर्ष 22 जनवरी को भव्य और दिव्य मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, जिसकी वर्षगांठ पर श्रद्धालुओं द्वारा चंदापुर गांव स्थित मूड़ावीर बाबा के मंदिर पर एकत्रित हो कर पूजा पाठ किया गया। इसके बाद वहां से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जो करीब पांच किलोमीटर चलकर पहरेमऊ चौराहा पर जाकर समाप्त हुई। इस बीच रास्ते में भक्ति गीत भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और रास्ते में मिलने वाले लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया।

     इस दौरान अमावां प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषि सिंह ने कहा कि, पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्री राम अपने भव्य एवं दिव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं, प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पूरे विश्व के सनातनियों के लिए दीपावली से कम नहीं है।

      शोभा यात्रा में एडवोकेट विजय सिंह, रणविजय सिंह, मेजर सिंह, जीतू शुक्ला, नीरज शुक्ला, अतुल यादव, मोहित सिंह, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ